रांची-आरा और टाटा-बक्सर के बीच दौड़ेगी पूजा स्पेशल ट्रेन, त्योहारों में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

Bihar News: दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेल मंत्रालय ने विशेष इंतजाम किए हैं। यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे ने कई पूजा स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का निर्णय लिया है। इसी कड़ी में रांची-आरा और टाटानगर-बक्सर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
रांची-आरा पूजा स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
- यह ट्रेन प्रत्येक रविवार रात 8:45 बजे रांची से रवाना होगी और सोमवार सुबह 9:15 बजे आरा जंक्शन पहुंचेगी।
- रास्ते में यह बोकारो, गोमो, गया जंक्शन, सासाराम, विक्रमगंज और पिरो में ठहरेगी।
- वापसी में यह ट्रेन आरा से सोमवार सुबह 10:00 बजे खुलेगी और उसी रात 8:45 बजे रांची पहुंचेगी।
टाटानगर-बक्सर स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
त्योहारों के मद्देनजर दूसरी गाड़ी संख्या 08183/84 टाटानगर-बक्सर स्पेशल का संचालन 17 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक होगा।
यह ट्रेन तीन फेरों में चलाई जाएगी।
- हर शुक्रवार रात 10:40 बजे टाटानगर से रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे बक्सर पहुंचेगी।
- रास्ते में यह आसनसोल, पटना और आरा जंक्शन पर रुकेगी।
- वापसी में यह ट्रेन शनिवार शाम 5:15 बजे बक्सर से खुलेगी और रविवार सुबह 10:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी।
आरा जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस ठहराव की अनदेखी
त्योहारों के मौके पर यात्रियों को राहत देने के लिए स्पेशल ट्रेनें तो चलाई जा रही हैं, लेकिन आरा जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस जैसी प्रीमियम ट्रेनों का ठहराव अब भी नहीं दिया गया है। दानापुर रेल मंडल में राजस्व के लिहाज से चौथे स्थान पर रहने के बावजूद आरा की इस मांग को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। हाल ही में 12309/10 राजेंद्रनगर–नई दिल्ली तेजस राजधानी को दानापुर और 20501/02 अगरतला-आनंद विहार को किशनगंज में ठहराव मिला, मगर आरा को शामिल नहीं किया गया।
यात्रियों की निराशा और फर्जी पत्र का मामला
आरा और आसपास के जिलों के हजारों यात्री प्रतिदिन यहां से सफर करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव मिलने से आरा जंक्शन की आय में भी बड़ी वृद्धि होगी। इसके बावजूद मांग को अनदेखा किया गया है। इस बीच, सोशल मीडिया पर राजधानी और तेजस एक्सप्रेस ठहराव को लेकर मंत्रालय का एक पत्र वायरल हुआ, लेकिन जांच में वह पत्र फर्जी निकला।