हरियाणवी रैपर ढांडा न्योलीवाला की एल्बम 'वोमिट ऑन पेपर' पर विवाद, बाबा बागेश्वर पर अपमानजनक टिप्पणी के आरोप
हरियाणा: हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के न्योलीवाला गांव के हरियाणवी रैपर ढांडा न्योलीवाला (प्रवीण ढांडा) की नई एल्बम ‘वोमिट ऑन पेपर’ रिलीज होते ही विवादों में घिर गई है। सोशल मीडिया पर एल्बम पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं—कई लोग रैपर का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई इसे आपत्तिजनक बता रहे हैं।
एल्बम के एक गाने में भगवाधारी बाबाओं को मारने-पीटने के दृश्य दिखाए गए हैं। इसके साथ ही बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का नाम लिए बिना उनकी तस्वीर का इस्तेमाल कर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया। इसे लेकर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लग रहा है।
साध्वी देवा ठाकुर ने इस गाने पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि साधु-संतों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की आज़ादी के तहत सही ठहरा रहे हैं और रैपर के पक्ष में खड़े हैं।
गाने की बोल विवाद का कारण
गाने की कुछ पंक्तियों में कथित रूप से “फर्जी बाबाओं” और “पर्ची बनाने” जैसे आरोप लगाए गए हैं। रैपर का कहना है कि यह गाना समाज की सच्चाइयों को उजागर करने की कोशिश है, जिसमें झूठे संत, भ्रष्टाचार और शिक्षा व्यवस्था की कमियां सामने आई हैं।
एल्बम को मिल रहा जबरदस्त रिस्पॉन्स
विवादों के बावजूद एल्बम को भारी संख्या में व्यूज मिल रहे हैं। केवल चार दिनों में ‘वोमिट ऑन पेपर’ को 21 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। गाने के डिस्क्रिप्शन में इसे “हकीकत पर आधारित” बताया गया है, जो समाज में छुपे दर्द और गुस्से को दर्शाता है।
ढांडा न्योलीवाला का करियर और पुराने विवाद
ढांडा न्योलीवाला अपने बेबाक और दमदार लिरिक्स के लिए जाने जाते हैं। इससे पहले उनके कई गाने विवादों में रहे हैं। हरियाणा सरकार ने उनके ‘इल्लीगल’ और ‘रशियन बंदना’ जैसे गानों पर गन कल्चर और बदमाशी बढ़ाने के आरोप में बैन लगा चुका है। बावजूद इसके उनके गानों की लोकप्रियता कम नहीं हुई।
निजी जीवन
प्रवीण ढांडा के माता-पिता सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं। उनके छोटे भाई की पढ़ाई हिसार में चल रही है। पत्नी आशा सहारण ढांडा डिस्कस थ्रो में नेशनल चैंपियन रह चुकी हैं और सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हैं। वर्तमान में दोनों ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं।
विवाद और चर्चा के बीच, एल्बम ने युवाओं में खूब ध्यान आकर्षित किया है और सोशल मीडिया पर बहस जारी है।
