यूपी भाजपा अध्यक्ष बनने पर मां ने जताई खुशी: 'कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता', बोले पंकज चौधरी
लखनऊ/महाराजगंज: केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने शनिवार को उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद के लिए विधिवत नामांकन दाखिल कर दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता के लिए "कोई पद छोटा या बड़ा नहीं होता" और उन्हें जो भी दायित्व सौंपा जाता है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाते हैं।
परिवार और समर्थकों में उत्साह
पंकज चौधरी ने अपनी नियुक्ति पर कहा, "निश्चित तौर पर जो व्यक्ति पार्टी का काम करता है, उसको इसका लाभ धीरे-धीरे मिलता है। परिवार और समर्थकों में निश्चित तौर पर खुशी मिलती है।" उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि वह पार्टी से मिले दायित्व को कार्यकर्ता के नाते पूरी निष्ठा से निभाएँगे।
इसके बाद महाराजगंज में उनके आवास पर समारोह और जश्न की तस्वीरें वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर हो रहे हैं। इस मौके पर जब उनकी मां उज्वल चौधरी से मीडिया ने बातचीत की तो उन्होंने कहा, हमें गर्व है साथ ही बहुत खुशी हो रही है कि बेटा इतनी बड़ी पोस्ट पर पहुंच गया। भगवान उसे और आगे बढ़ाए।' उन्होंने कहा, मैंने कभी नहीं सोचा था कि इतना बड़ा पद मिल जाएगा। आज घर में सभी लोग इकठ्ठे हुए हैं। घर में खुशी का माहौल है। उनकी मां ने कहा, हमारा बेटा हमसे बिना पूछे कोई काम नहीं करता। हमें पूरी उम्मीद है कि वह पूरी जिम्मेदारी के साथ अपना काम संभालेगा।
चार दशक का लंबा राजनीतिक सफर
1964 में जन्मे पंकज चौधरी ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी से शिक्षा ग्रहण की है। वह एक प्रभावशाली राजनीतिक बैकग्राउंड से आते हैं।
-
राजनीतिक शुरुआत: उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत 1989 में गोरखपुर नगर निगम में पार्षद का चुनाव लड़ने के साथ की थी और उसमें जीत हासिल की। उन्होंने एक साल तक गोरखपुर के डिप्टी मेयर के रूप में भी काम किया।
-
महाराजगंज केंद्र: 1989 में जब गोरखपुर से कटकर महाराजगंज अलग जिला बना, तो पंकज चौधरी ने इसे अपनी राजनीति का केंद्र बनाया।
-
संसद तक का सफर: कुर्मी बिरादरी से आने वाले पंकज चौधरी सात बार के सांसद हैं। उन्होंने पहली बार 1991 में 10वीं लोकसभा का चुनाव जीता था और उसके बाद 1996, 1998, 2004, 2014, 2019 और 2024 में जीत हासिल की।
-
पारिवारिक पृष्ठभूमि: उनकी मां उज्ज्वल चौधरी महाराजगंज जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं, जिससे उनके परिवार का राजनीतिक प्रभाव स्पष्ट होता है।
पंकज चौधरी मौजूदा केंद्र सरकार में वित्त राज्यमंत्री का पद संभाल रहे हैं और अब उत्तर प्रदेश में संगठन की कमान संभालेंगे।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रॉयल बुलेटिन उत्तर भारत का प्रमुख हिंदी दैनिक है, जो पाठकों तक स्थानीय, क्षेत्रीय और राष्ट्रीय खबरें तेज़, सटीक और निष्पक्ष रूप में पहुँचाता है, हिंदी पत्रकारिता का एक भरोसेमंद मंच !
