Rajasthan News: राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने मंगलवार को गोविंद गुरु जनजाति विश्वविद्यालय में आयोजित ‘राष्ट्रीय एकात्मकता’ विषयक राष्ट्रीय संगोष्ठी में कहा कि आज भारत को केवल बाहरी नहीं, बल्कि भीतरी शत्रुओं से भी सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “देश सुरक्षित रहेगा तो नागरिक भी सुरक्षित रहेंगे।”राज्यपाल ने नागरिकों से राष्ट्र के प्रति सजगता और जिम्मेदारी की भावना रखने की अपील की।
एकता और कर्तव्यबोध पर जोर
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि जब शासन और जनता दोनों सुरक्षित और जिम्मेदार हाथों में होते हैं, तब देश विकास की दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का ऐसा देश है, जहां नदियों, पर्वतों और वृक्षों जैसे प्राकृतिक तत्वों की पूजा की जाती है, इसलिए हर नागरिक को राष्ट्र के आदर्श मूल्यों और कर्तव्यों के प्रति श्रद्धा रखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि “एकता की भावना ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है, जो हमें राष्ट्रीय सूत्र में बांधती है।”
सोनिया गांधी पर निशाना
अपने संबोधन में राज्यपाल ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “कई समाचार पत्रों में यह खबर आई थी कि सोनिया गांधी ने भारत की नागरिकता नहीं ली, लेकिन उनका नाम वोटर लिस्ट में शामिल था, जो ठीक नहीं है।”राज्यपाल के इस बयान ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है, और अब इसे लेकर सियासी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।