चौखुटिया में ‘ऑपरेशन स्वास्थ्य’ ने मचाई हलचल! भूख हड़ताल के 25 दिन, बढ़ा जनाक्रोश – देहरादून कूच पदयात्रा ने पकड़ी रफ्तार

सरकार की चुप्पी पर भड़का जनआक्रोश

साथियों का जोश बरकरार
भूख हड़ताल पर बैठे नारायण सिंह मेहरा रविवार को सातवें दिन भी अनशन पर डटे रहे, जबकि पवन मेहरा का यह दूसरा दिन था। उम्रदराज होने के बावजूद नारायण सिंह के हौसले में कमी नहीं आई है। आंदोलन स्थल पर सामाजिक कार्यकर्ता हरीश कुमार, चंदन सिंह कैड़ा, हरीश जोशी, बालम नेगी, गोपू, कमल सिंह और कुंवर सिंह भेलवाल ने भी भागीदारी की और विरोध को मजबूती दी। सभी ने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की अनदेखी पर कड़ा विरोध जताते हुए ‘स्वास्थ्य है अधिकार – सरकार हो तैयार’ जैसे नारे लगाए।
कई गणमान्य लोगों ने दिखाया एकजुट समर्थन
अनशन स्थल पर पहुंचे पूर्व प्रधान, व्यवसायी और स्थानीय नेता जैसे उमेश रावत, एडवोकेट अशोक कुमार, भगवत सिंह मेहरा, केवल सिंह रावत, प्रेम सिंह अटवाल, दिनेश कुमार, देव सिंह बिष्ट, डुंगर गिरि, कुंदन राम, माधो राम, हीरा सिंह और संजय माहेश्वरी समेत कई लोगों ने आंदोलन को खुला समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ चौखुटिया की नहीं, बल्कि पूरे पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था के सुधार की लड़ाई है।
देहरादून पहुंचने पर सीएम आवास घेराव का ऐलान
सरकार को जगाने के लिए 24 अक्टूबर को निकली देहरादून कूच पदयात्रा तीसरे दिन सिमली से आगे बढ़कर कर्णप्रयाग पहुंची। इस पदयात्रा का नेतृत्व आंदोलन के मुखिया भुवन कठायत कर रहे हैं। उनके साथ पूर्व विधायक पुष्पेश त्रिपाठी, युवा नेता आशीष नेगी, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती किरौला, चंद्रा कोहली, महेंद्र सिंह बैडिया, हेमंत बंगारी, और आनंद राम जैसे कई कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं। देहरादून पहुंचने पर इस यात्रा का समापन मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री आवास के घेराव के साथ होगा।
व्यवस्थाओं में हो रहा सुधार
चौखुटिया के सीडीओ रामजी शरण शर्मा ने कहा कि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग स्थिति को सुधारने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल सीएचसी चौखुटिया में कुल नौ डॉक्टर, जिनमें सात एमबीबीएस, एक एमओआइसी और एक दंत चिकित्सक शामिल हैं, सेवाएं दे रहे हैं। शासन ने अब सप्ताह में तीन दिन विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवाएं देने का आदेश जारी किया है।
साथ ही सीएचसी को 30 से बढ़ाकर 60 बेड का बनाया गया है। उन्होंने लोगों से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि सुधार जल्द ही जमीनी स्तर पर दिखाई देगा। वहीं, सीएमओ डॉ. नवीन तिवारी ने कहा कि विभाग बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
