इंदौर में भीषण आग का तांडव: इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पॉइंट में ब्लास्ट, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में बंगाली चौराहा के पास स्थित एक कॉलोनी में आज सुबह करीब 4 बजे एक मकान में इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग के दौरान शॉर्ट सर्किट से हुए हादसे छह लोग जिंदा जल गए, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पुगलिया परिवार के घर के बाहर देर रात इलेक्ट्रिक कार चार्जिंग पर लगी थी। सुबह करीब 4 बजे चार्जिंग पॉइंट में शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे कार ने आग पकड़ ली। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और घर के भीतर फैल गई। बताया जा रहा है कि घर के अंदर दस से ज्यादा गैस सिलेंडर और ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी। आग की चपेट में आते ही सिलेंडरों में विस्फोट शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि कम से कम 4 सिलेंडर एक के बाद एक फटे, जिससे तेज धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और मकान का एक हिस्सा ढह गया।
हादसे के समय पुगलिया परिवार के घर में पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था, जिसके कारण कई सदस्य और रिश्तेदार एक साथ मौजूद थे। घटना के समय अधिकतर लोग सो रहे थे, इसलिए उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। स्थिति और गंभीर तब हो गई जब बिजली कटने के बाद घर में लगे इलेक्ट्रॉनिक लॉक काम नहीं कर पाए। आशंका है कि इसी वजह से लोग अंदर ही फंस गए।
राहत और बचाव कार्य जारी
सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग पूरे घर को अपनी चपेट में ले चुकी थी। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
सभी मृतक एक ही परिवार के
इस दर्दनाक हादसे में जिन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, उनमें मनोज जैन पुगलिया (65 वर्ष), सिमरन (30 वर्ष), विजय सेठिया (65 वर्ष), सुमन सेठिया (60 वर्ष), राशि (12 वर्ष) और छोटू सेठिया (22 वर्ष) शामिल हैं। घायलों में सौरभ (32 वर्ष), सुनीता (58 वर्ष) और सोमिल को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इंदौर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया, "शुरुआती जांच के अनुसार, घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक वाहन चार्ज किया जा रहा था और चार्जिंग पॉइंट में विस्फोट हो गया। इसके बाद आग वाहन से घर में फैल गई। घर के अंदर 10 से अधिक गैस टैंक भी रखे थे, जिनमें से कुछ में विस्फोट हो गया। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई है। तीन लोगों को बचा लिया गया है। यह घर मनोज पुगलिया का था, जो पॉलीमर का व्यवसाय चलाते थे। घर में कुछ ज्वलनशील रसायन भी रखे थे।"
इंदौर के कलेक्टर शिवम वर्मा ने आग की घटना पर बताया कि दमकल और प्रशासन की टीमें बचाव अभियान में लगी हुई है। फिलहाल आग पर काबू पा लिया है, लेकिन छह लोगों की मौत हो गई है। बिल्डिंग की दो मंजिलों को खाली करा लिया है, अभी एक और मंजिल की जांच की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां