मुरादाबाद में आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़ा छात्र गिरफ्तार, यूपी एटीएस की बड़ी कार्रवाई
सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा और जिहादी गतिविधियों में था सक्रीय

मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश में आतंकवाद के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत यूपी एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। एटीएस ने मुरादाबाद से प्रतिबंधित आतंकी संगठन आईएसआईएस (ISIS) के एक ऑनलाइन मॉड्यूल से जुड़े 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से जोड़ने और जिहादी गतिविधियों के लिए उकसाने का काम कर रहा था।
एटीएस के अनुसार, आरोपी हारिस अली, जो सहारनपुर के मानक मऊ मोहल्ले का रहने वाला है और बीबीए द्वितीय वर्ष का छात्र है, लंबे समय से एटीएस के रडार पर था। वह इंस्टाग्राम, सेशन और डिस्कॉर्ड जैसे एन्क्रिप्टेड ऐप्स का उपयोग करके गुप्त ग्रुप बना रहा था। इन ग्रुपों के माध्यम से वह शरिया आधारित खिलाफत व्यवस्था के नाम पर युवाओं को गुमराह कर रहा था।
ये भी पढ़ें बाराबंकी में सांसद चंद्रशेखर आजाद के करीब युवक पकड़ा गया, पिस्टल साथ थी; करणी सेना ने दी थी चेतावनी'अल जिहाद मीडिया फाउंडेशन' से जुड़ा था नेटवर्क
जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि हारिस अली 'अल जिहाद मीडिया फाउंडेशन' नाम से एक मॉड्यूल चला रहा था। वह आईएसआईएस के प्रोपेगैंडा चैनल 'अल-नबा' की सामग्री, वीडियो और ऑडियो संदेशों का प्रचार कर रहा था। उसका संपर्क केवल भारत ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान और अन्य देशों में बैठे आईएसआईएस हैंडलरों से भी था।
लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ साजिश
एटीएस की पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नहीं मानता है। उसका मुख्य उद्देश्य शरिया कानून के तहत खिलाफत की स्थापना करना और युवाओं को जिहाद व फिदायीन हमलों के लिए तैयार करना था। वह मृत आतंकियों को महिमामंडित कर उन्हें 'शहीद' बताकर युवाओं को भड़काने का प्रयास कर रहा था।
जांच का दायरा बढ़ा
15 मार्च 2026 को हुई इस गिरफ्तारी के बाद एटीएस अब इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य चेहरों की तलाश में जुटी है। एटीएस की टीम आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की गहरी जड़ों तक पहुँचा जा सके। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गहन छानबीन कर रही हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
अभिषेक भारद्वाज एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 11 वर्षों से मुरादाबाद मंडल की पत्रकारिता का व्यापक अनुभव है। वे मुरादाबाद के प्रतिष्ठित एसएस न्यूज़ चैनल में संपादकीय प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पद पर कार्य कर चुके हैं। मुरादाबाद की राजनीतिक, सामाजिक और स्थानीय खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। वर्तमान में वे रॉयल बुलेटिन के मुरादाबाद जिला प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां