स्कूलों और ट्रेनों को बम से उड़ाने की धमकी: पंजाब में परीक्षा रद्द, दिल्ली-NCR में हाई अलर्ट

जालंधर । पंजाब में जालंधर और मोगा के प्रमुख स्कूलों, ट्रेनों और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को बम से उड़ाने की धमकी मिलने पर सोमवार को कई स्कूलों में नौवीं कक्षा की परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और जांच शुरू कर दी गई है। जालंधर में तीन प्रमुख स्कूलों, दिल्ली जाने वाली ट्रेन, विधानसभा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने का मामला सामने आया। ऐसा बताया गया है कि यह धमकी कथित तौर पर खालिस्तानी समर्थकों की ओर से मिली है।
जानकारी के मुताबिक जालंधर के एपीजे स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल सहित एक अन्य निजी स्कूल को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। ईमेल में चेतावनी दी गई है कि जालंधर में स्थित इन संस्थानों के साथ-साथ दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन और विधानसभा को भी निशाना बनाया जा सकता है। ईमेल मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए। धमकी भरे ईमेल में एक और गंभीर चेतावनी दी गई है। मेल भेजने वाले ने जालंधर जिले में स्थापित डॉ. भीमराव अंबेडकर की सभी प्रतिमाओं को हटाने की मांग की है। इसके लिए 14 अप्रैल तक का समय दिया गया है। ईमेल में कहा गया है कि यदि तय समय तक प्रतिमाएं नहीं हटाई गईं तो उन्हें बम से उड़ा दिया जायेगा।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। स्कूलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस साइबर सेल भी ईमेल की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसने और कहां से भेजी है।
एपीजे स्कूल में पहुंची जालंधर की अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आर्कषी जैन ने कहा कि जहां-जहां धमकी मिली, वहां पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही हैं। उन्होंने लोगों से कहा कि डरने वाली कोई बात नहीं है। घबराएं नहीं। प्रशासन के संज्ञान में मामला है। पुलिस अधिकारियों ने स्कूल प्रबंधन को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की तुरंत सूचना देने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुटी हैं और लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की गई है।
इसके साथ ही मोगा जिले के तीन सरकारी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिन स्कूलों को धमकी मिली है, उनमें गांव गोथेवाला, उगोके और झंडियाना के सरकारी स्कूल शामिल हैं। ईमेल स्कूलों की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई। गोथेवाला स्कूल के एक अध्यापक ने बताया कि पुलिस को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद बम निरोधक दस्तों को मौके पर भेजा गया। इसके चलते नौवीं कक्षा की परीक्षा रद्द कर दी गई।
जालंधर के स्कूलों को ईमेल हाबी दानबा के अकाउंट से सुबह सात बजकर 37 मिनट पर भेजी गई। सब्जेक्ट में जालंधर स्कूलों में बम धमाका लिखा है। इसमें लिखा है कि 'मुख्यमंत्री भगवंत मान निशाने पर हैं। पंजाब बनेगा खालिस्तान। अपने बच्चे बचाओ, अंबेडकर के पोर्ट्रेट और मूर्तियां 14 अप्रैल तक पंजाब में से हटा दो। नहीं तो बमों का धमाका होगा।'
मेल में स्कूलों को उड़ाने का समय एक बजकर 11 मिनट, असेंबली को दो बजकर 11 मिनट, दिल्ली ट्रेन को नौ बजकर 11 मिनट लिखा है। इसमें सिखों के नरसंहार का बदला लेने की बात कही गई है। मेल में लिखा, "अंबेडकर ने सिखों को हिंदू कहा है, इसलिए इसकी मूर्तियां जहां भी दिखेंगे इनको तोड़ दिया जाएगा या बम से उड़ा देंगे। 14 अप्रैल वाले दिन सब बम के साथ खत्म करेंगे। खालिस्तान बम धमाका जरूर होगा। सीएम मान के टुकड़े-टुकड़े होने वाले हैं जैसे बेअंत सिंह के किए थे। बम और 47 (एके-47) के साथ सिखों के दुश्मन मरेंगे। खालिस्तान जनमत संग्रह के साथ पंजाब भारत के कब्जे से आजाद होगा। खालिस्तान नेशनल आर्मी के इंजीनियर गुरनाख सिंह, रुकन शाहवाला।"
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां