नोएडा। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत आज उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान गोमती नगर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों को बड़ी सौगात देते हुए उनके बैंक खातों में कुल 900 करोड़ रुपए की प्रथम किस्त की अनुदान राशि का डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरण किया।
इसी क्रम जनपद गौतमबुद्धनगर के कलेक्ट्रेट परिसर में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लखनऊ में आयोजित हो रहे कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा गया। । कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर विधायक व जिलाधिकारी मेधा रूपम ने जनपद के चयनित 220 लाभार्थियों को प्रथम किस्त 1 लाख रुपए की धनराशि के स्वीकृति पत्र प्रदान किए और उन्हें योजना का प्रत्यक्ष लाभ दिलाया।
इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने लाभार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की एक महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है, जिसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का तथा सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उन्होंने लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सहायता राशि अपने घर के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी मेधा ने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि सभी पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से योजना का लाभ मिले तथा आवास निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा हो।
वहीं कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रभारी परियोजना अधिकारी/डिप्टी कलेक्टर वेद प्रकाश पांडे ने बताया कि सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत जनपद के कुल 220 लाभार्थियों को प्रथम किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपए की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उपलब्ध कराई गई है। इनमें नगर पंचायत जेवर के 115, नगर पंचायत रबूपुरा के 58, नगर पंचायत बिलासपुर के 18, नगर पंचायत दनकौर के 15 तथा नगर पंचायत जहांगीरपुर के 14 लाभार्थी शामिल है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट अरविंद मिश्रा, सहकारिता विभाग से आलोक रंजन, शहर मिशन प्रबंधक शीला कुमारी, सिविल इंजीनियर पीयूष कुमार, जिला समन्वक आकाश शर्मा, सामुदायिक आयोजन रविंद्र सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।
टिप्पणियां