मुजफ्फरनगर की राजनीति में बड़ा टकराव, सपा विधायक के बयान पर मंत्री अनिल कुमार बोले- मैं दलित का बेटा हूं, इसलिए बर्दाश्त नहीं हो रहा!

मुजफ्फरनगर। मुजफ्फरनगर की सियासत में समाजवादी पार्टी के चरथावल विधायक पंकज मलिक और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है। पंकज मलिक द्वारा किए गए जुबानी हमलों पर पलटवार करते हुए राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के कोटे से मंत्री अनिल कुमार ने पुरकाजी में आयोजित 'तहसील आपके द्वार' कार्यक्रम के मंच से जोरदार जवाब दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि उन्हें राजनीति विरासत में नहीं मिली है, बल्कि वे अपनी मेहनत और संघर्ष के दम पर यहाँ तक पहुंचे हैं।
पंकज मलिक के 'विरासत' वाले तंज पर सीधा प्रहार
मंत्री अनिल कुमार ने पंकज मलिक का नाम लेते हुए कहा, "मैं विरासत की नहीं खा रहा हूँ, बल्कि अपनी मेहनत की खा रहा हूँ। मैं कर्मयोगी आदमी हूँ, जिसने जमीन पर उतरकर संघर्ष किया है।" उन्होंने पंकज मलिक पर निशाना साधते हुए कहा कि उन पर तो उनके पिता (पूर्व सांसद) का आशीर्वाद है, लेकिन अनिल कुमार क्षेत्र में अकेले डटा रहता है और उसे सारा काम खुद ही करना पड़ता है। मंत्री ने सपा विधायक को चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो मेरे खिलाफ एक भी मुकदमा साबित करके दिखाएं।
ये भी पढ़ें मुज़फ्फरनगर में गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं का भारी बवाल, 900 का सिलेंडर 2000 में बेचने का आरोपमुस्लिम समाज को लेकर सपा पर साधा निशाना
सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी और पंकज मलिक द्वारा मुस्लिम वोटों पर किए जा रहे दावों पर मंत्री ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने सवाल किया, "क्या मुस्लिम समाज किसी की बपौती है? मुस्लिम समाज मुझे 2007 से वोट दे रहा है।" उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कोई भी मेरे साथ खड़े मुस्लिम समाज के वोट को काटकर दिखाए।
अपनी उपलब्धियां गिनाते हुए मंत्री ने कहा कि सरवट फाटक से लेकर रुड़की चुंगी तक जिस रास्ते की हालत बदहाल थी, उसे मंत्री बनने के बाद उन्होंने ही स्वीकृत कराकर बनवाया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मार्ग के दोनों तरफ 95 प्रतिशत मुस्लिम आबादी रहती है और वे बिना किसी भेदभाव के हर धर्म और जाति का सम्मान व काम कर रहे हैं।
सपा को याद दिलाया दलितों का सम्मान
कांशीराम जयंती के बहाने सपा पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी दलितों और मान्यवर कांशीराम का इतना ही सम्मान करती थी, तो उनके नाम पर बनी योजनाओं और जगहों के नाम क्यों बदले? उन्होंने कहा कि 2024 में सपा को जो सफलता मिली, वह एक 'तुक्का' था, लेकिन दलित समाज अब सब जानता है और वह सपा को वोट नहीं देगा।
जयंत चौधरी के प्रति जताई निष्ठा
अपनी राजनीतिक यात्रा का जिक्र करते हुए अनिल कुमार ने कहा कि वे रालोद के निशान पर विधायक बने हैं, सपा के नहीं। उन्होंने कहा, "यह जयंत चौधरी साहब का अहसान है कि उन्होंने मुझे टिकट दिया और सम्मान दिया। मैं आज राष्ट्रीय लोकदल में हूँ और पूरी ईमानदारी व निष्ठा से पार्टी के प्लेटफार्म को मजबूत कर रहा हूँ।" मैं दलित का बेटा हूं, इसलिए बर्दाश्त नहीं हो रहा!
आपके बता दें कि पंकज मलिक ने मंत्री अनिल कुमार को घेरते हुए कहा था: कि "आज जो लोग सत्ता की मलाई चाट रहे हैं और बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि वे किसकी बदौलत यहाँ तक पहुँचे हैं। राष्ट्रीय लोक दल के जो मंत्री (अनिल कुमार) आज हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय अखिलेश यादव जी पर अभद्र टिप्पणी कर रहे हैं, मैं उन्हें याद दिलाना चाहता हूँ कि वह समाजवादी पार्टी का ही सहयोग और गठबंधन था जिसने उन्हें विधानसभा की दहलीज तक पहुँचाया। आज सत्ता में जाते ही वे 'एहसान फरामोश' हो गए हैं।"
पंकज मलिक ने आगे विकास और काम को लेकर हमला बोलते हुए कहा था:"मैं मंत्री जी से पूछना चाहता हूँ कि जब से आप मंत्री बने हैं, आपने मुजफ्फरनगर या अपने समाज के लिए धरातल पर कौन सा एक बड़ा काम किया है? आप केवल भाजपा की गोद में बैठकर अपनी कुर्सी बचाने का काम कर रहे हैं। आपने अपने समाज के हितों के साथ समझौता कर लिया है। आप केवल कागजों और भाषणों के मंत्री हैं, जनता के बीच आपकी कोई पकड़ नहीं रह गई है।"
विरासत और रसूख पर चोट करते हुए उन्होंने कहा था: "हमें राजनीति सिखाने वाले खुद को देखें। आने वाले समय में जनता इस अवसरवादिता का जवाब देगी। दलित और पिछड़ा समाज देख रहा है कि कैसे उनके नाम पर राजनीति करने वाले लोग आज सत्ता के दबाव में मौन हैं और केवल चाटुकारिता में लगे हैं। आप हमारे नेता (अखिलेश यादव) पर उंगली उठाने से पहले अपना कद और अपना इतिहास देख लें।"
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां