मुजफ्फरनगर में स्टेडियम निर्माण में 'भ्रष्टाचार' देख आगबबूला हुए डीएम उमेश मिश्रा, जेई की रोकी तरक्की, ठेकेदार की पेमेंट काटने का हंटर
जीरो टॉलरेंस: चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में घटिया ईंटें और टपकती छत देख बिफरे जिलाधिकारी; जिला क्रीड़ा अधिकारी को भी थमाई चेतावनी
मुजफ्फरनगर। जनपद के चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे करोड़ों के निर्माण कार्यों में 'खेल' करना कार्यदायी संस्था और ठेकेदार को भारी पड़ गया। शनिवार को औचक निरीक्षण पर पहुंचे जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने जब विकास कार्यों के नाम पर घटिया सामग्री और लापरवाही का नजारा देखा, तो उनका पारा चढ़ गया। डीएम ने मौके पर ही उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड के अवर अभियंता (जेई) को प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) देते हुए स्पष्टीकरण तलब किया और ठेकेदार के भुगतान में भारी कटौती करने के कड़े निर्देश दिए।
करोड़ों का बजट, पर गुणवत्ता 'शून्य'
जिलाधिकारी ने स्टेडियम में भारोत्तोलन हॉल, वॉलीबॉल कोर्ट और बहुउद्देशीय हॉल के जीर्णाेद्धार कार्यों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण में नवनिर्मित भारोत्तोलन हॉल की दीवारों पर घटिया ईंटों के कारण सफेद शोरा (नमक) जमा मिला। हद तो तब हो गई जब बहुउद्देशीय क्रीड़ा हॉल के निरीक्षण के दौरान बैडमिंटन हॉल की छत में लगी प्रोफाइल शीट में कई बड़े छेद दिखाई दिए, जिससे सूरज की रोशनी सीधे अंदर आ रही थी। डीएम ने फटकार लगाते हुए पूछा कि अगर अभी यह हाल है, तो मानसून में खिलाड़ियों का क्या होगा?
शौचालय से लेकर पवेलियन तक सब 'फेल'
डीएम को क्रिकेट पवेलियन की रंगाई-पुताई और शौचालयों में फिनिशिंग का कार्य भी मानकों के विपरीत मिला। चेंज रूम की खिड़कियों और कोनों का प्लास्टर उखड़ा हुआ था, जिसे सही मिश्रण के साथ दोबारा ठीक करने के निर्देश दिए गए। भ्रष्टाचार और लापरवाही को भांपते हुए डीएम ने साफ कहा कि सरकारी धन का दुरुपयोग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने जेई के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने के साथ-साथ ठेकेदार पर आर्थिक दंड लगाने के आदेश दिए।
नियम ताक पर रखने वाले खेल अधिकारी पर भी गिरी गाज
निरीक्षण के दौरान डीएम तब और हैरान रह गए जब स्टेडियम में एक निजी कार्यक्रम आयोजित होता पाया गया। इसे सरकारी शासनादेशों और नियमों का खुला उल्लंघन मानते हुए जिलाधिकारी ने जिला क्रीड़ा अधिकारी को जमकर लताड़ लगाई और उन्हें लिखित चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के समय अधिशासी अभियंता संदीप इंदौरिया सहित कई प्रशासनिक अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे। डीएम की इस कड़ी कार्रवाई से जिले के निर्माण विभागों में हड़कंप मचा हुआ है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय मौहम्मद शाहनवाज मुज़फ्फरनगर के एक प्रतिष्ठित और विश्वसनीय पत्रकार हैं। वर्तमान में आप राष्ट्रीय सहारा के जिला प्रभारी (मुज़फ्फरनगर) के रूप में कार्यरत हैं और साथ ही उत्तर प्रदेश के प्रमुख मीडिया संस्थान रॉयल बुलेटिन में संवाद सहयोगी की महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। डेढ़ दशक के लंबे अनुभव के साथ मौ. शाहनवाज ने अपनी प्रखर लेखनी से राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर गहरी छाप छोड़ी है। उनसे मोबाइल नंबर 9058673434 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां