मुजफ्फरनगर में प्रदूषण और झूठे मुकदमों पर भड़के किसान: एक हफ्ते का अल्टीमेटम, मांगें पूरी न होने पर शहर की सीमाएं सील करने की चेतावनी
मुजफ्फरनगर। जिले में प्रदूषण की समस्या और किसानों पर दर्ज कथित झूठे मुकदमों को लेकर किसान मजदूर संगठन ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए संगठन ने प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया है। संगठन ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि सात दिनों के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह के नेतृत्व में मुजफ्फरनगर की सभी सीमाओं को सील कर अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किया जाएगा।
सिटी मजिस्ट्रेट के आश्वासन पर टला धरना
संगठन के जिलाध्यक्ष लोकेश राणा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर अपनी मांगें बुलंद कीं। बढ़ते आक्रोश को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। घंटों चली चर्चा के बाद सिटी मजिस्ट्रेट ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी। इसी आश्वासन के बाद किसानों ने अपना धरना अस्थायी रूप से स्थगित करने का निर्णय लिया।
प्रदूषण विभाग को बताया 'भ्रष्टतम विभाग'
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: बीएसए दफ्तर पर गरजे बीकेयू शिक्षक प्रकोष्ठ के पदाधिकारी, मांगों को लेकर दिया धरनाप्रदर्शन के दौरान संगठन के युवा जिलाध्यक्ष बिल्लू राणा ने प्रदूषण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने विभाग को जिले का "सबसे भ्रष्ट विभाग" करार देते हुए आरोप लगाया कि अधिकारियों की मिलीभगत से अवैध फैक्ट्रियां संचालित हो रही हैं। उन्होंने 'तिरुपति इंटरप्राइजेज' नामक फैक्ट्री का जिक्र करते हुए कहा कि इसके प्रदूषण से आम जनता का स्वास्थ्य और किसानों की फसलें बर्बाद हो रही हैं, लेकिन विभाग कार्रवाई के बजाय फैक्ट्री संचालकों को संरक्षण दे रहा है।
निर्णायक संघर्ष की तैयारी
जिलाध्यक्ष लोकेश राणा ने स्पष्ट किया कि संगठन अब और अधिक इंतजार करने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि किसानों पर दर्ज किए गए फर्जी मुकदमे तुरंत वापस लिए जाने चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि एक हफ्ते बाद स्थिति नहीं सुधरी, तो किसान सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे और इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। किसानों के कड़े तेवरों को देखते हुए कलेक्ट्रेट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। फिलहाल सबकी नजरें प्रशासन द्वारा दी गई एक सप्ताह की मोहलत पर टिकी हैं।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां