शामली। जनपद में कड़ाके की ठंड और बर्फीली हवाओं ने लोगों को पूरी तरह जकड़ लिया है। मंगलवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे हाईवे और शहर के प्रमुख मार्गों पर दृश्यता बेहद कम हो गई। कोहरे के कारण वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा और कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार थमी रही।
मंगलवार को मौसम का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सैल्सियस और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। सुबह के समय आसमान में घरा कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण सवेरे 11 बजे तक भी मौसम का तापमान 8 डिग्री सैल्सियस बना रहा। कोहरा इतना घना था कि कुछ दूरी पर खड़े वाहन भी नजर नहीं आ रहे थे। हाईवे पर वाहन रेंगते हुए चलते दिखे, वहीं दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। काम पर जाने वाले लोग भी ठिठुरते हुए नजर आए। दिनभर बर्फीली हवाएं चलती रहीं, जिससे तापमान में और गिरावट महसूस की गई।
लोग गर्म कपड़े, टोपी, मफलर और दस्ताने पहनकर घरों से बाहर निकले। सर्द हवाओं के चलते बाजारों में भी रौनक कम रही और ग्राहक नदारद दिखाई दिए। दुकानदारों का कहना है कि ठंड की वजह से खरीदारी पर भी असर पड़ा है। ठंड का असर लोगों के स्वास्थ्य पर भी दिखाई देने लगा है। सर्दी-जुकाम, खांसी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। डॉक्टरों का कहना है कि इस मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ठंड से बचाकर रखना चाहिए।