शामली में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, तीन लोग दबे; एक को गंभीर हालत में मेरठ रेफर
शामली। शनिवार सुबह कांधला-बुढ़ाना रोड पर मंदिर के पास एक बड़ा हादसा हो गया। पशुओं के चारे (पुराल) से भरी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में तीन लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि, स्थानीय लोगों और पुलिस की त्वरित सहायता से तीनों मजदूरों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। ट्रॉली के नीचे दबे लोगों की पहचान मेहताब, मोनू, और भूरा, निवासी पिंजौरा, थाना सहारनपुर देहात, के रूप में हुई है।
हादसा होते ही आसपास के ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। ग्रामीणों ने तुरंत हाथों से पुराल को हटाना शुरू कर दिया, जबकि पुलिस ने मौके पर क्रेन और एंबुलेंस की व्यवस्था की, जिसके बाद तीनों को बाहर निकाला जा सका।
एक गंभीर घायल मेरठ रेफर
सभी घायलों को तुरंत कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। मेहताब और भूरा को हल्की चोटें आई हैं। मोनू की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया है।
घायल मेहताब ने बताया कि वे तीनों सुबह ट्रेन से कांधला पहुंचे थे और थाने में चल रहे निर्माण कार्य पर मजदूरी करने के लिए पैदल जा रहे थे, तभी यह ट्रैक्टर-ट्रॉली उन पर पलट गई और वे उसके नीचे दब गए।
इस दुर्घटना के कारण बुढ़ाना रोड पर भारी जाम लग गया, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारू कराया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
