सड़कों पर नहीं पढ़ी जायेगी अलविदा जुमे की नमाज , डीएम-एसपी ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जौनपुर। यूपी के जौनपुर में रमजान माह के अंतिम शुक्रवार यानी अलविदा जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र और पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने शहर के कसेरी बाजार स्थित शिया जामा मस्जिद का निरीक्षण कर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि अलविदा जुमे की नमाज को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापक तैयारियां कर ली गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में सड़क पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी नमाजियों से अपील की गई है कि वे मस्जिदों के अंदर ही नमाज अदा करें और प्रशासन द्वारा बनाए गए नियमों का पालन करें, ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि नमाज के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही मस्जिदों के आसपास साफ-सफाई और आवश्यक सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने बताया कि रमजान माह के अंतर्गत अलविदा जुमा और आगामी ईद की नमाज को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे शहर को सेक्टर और जोन में विभाजित कर सुरक्षा व्यवस्था लागू की जा रही है। प्रत्येक सेक्टर में पुलिस अधिकारी और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे तथा लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि मस्जिदों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी समय से लगाई जा रही है ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए प्रशासन का सहयोग करें, जिससे अलविदा जुमे की नमाज सकुशल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां