बरेली: होली में खलल डालने वालों पर पैनी नजर, होगी सख्त कार्रवाई : एसएसपी
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में होली से पूर्व कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार रात वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अनुराग आर्या ने गूगल मीट के जरिए जिले भर के मातहत अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ मैराथन समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि त्योहार के दौरान गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तुरंत और कठोर कार्रवाई की जाए। किसी भी सूरत में शांति व्यवस्था से समझौता न किया जाए।
बैठक में जिले में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं और पुनर्विवेचना वाले मामलों की एक-एक कर समीक्षा की गई। एसएसपी ने पेंडिंग मामलों पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिए कि क्षेत्राधिकारियों की निगरानी में सभी लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। हर एफआईआर को ई-साक्ष्य ऐप से लिंक करने और लंबित एसआईडी को संबंधित एफआईआर से जोड़ने के निर्देश भी दिए गए, ताकि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता और तेजी लाई जा सके।
आगामी होली पर्व को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए। होलिका दहन स्थलों और जुलूस मार्गों का पूर्व निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने को कहा गया है। जिन इलाकों में पिछले वर्षों में विवाद या तनाव की स्थिति बनी थी, वहां विशेष सतर्कता और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।
डायल 112 पर आए पुराने इवेंट्स की भी समीक्षा होगी। संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर ड्यूटी चार्ट तैयार करने, क्लस्टर मोबाइल के माध्यम से लगातार गश्त करने और उच्चाधिकारियों को पल-पल की सूचना देने के आदेश दिए गए हैं। एसएसपी ने दो टूक कहा कि होली उल्लास और सौहार्द के साथ मनाई जाएगी, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां