मुठभेड़ में दो लुटेरे गिरफ्तार, एक को गोली लगी, सिपाही भी घायल
फिरोजाबाद। थाना नसीरपुर पुलिस टीम ने रविवार देर रात्रि बुकिंग के बाद रास्ते में चालक से ऑटो, नकदी व मोबाइल लूटने वाले दो लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पैर में गोली लगने से घायल एक लुटेरे को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि थाना नसीरपुर क्षेत्र अन्तर्गत राजेश कुमार ऑटो चलाने का काम करता है। 01 मार्च की रात्रि में 02 व्यक्तियों ने उसका ऑटो शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन से ग्राम रपड़ी जाने के लिये बुक किया था। रास्ते में बुकिंग करने वाले दोनों व्यक्तियों द्वारा उसका ऑटो, मोबाइल फोन एवं 1,200 रुपए लूट लिये। पीड़ित ने थाने पर तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि थाना प्रभारी नसीरपुर ज्ञानेन्द्र सिंह सोलंकी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि लुटेरों ने लूटे गये ऑटो को ग्राम रपडी के जंगल में छिपाया है तथा अभियुक्त लूटे गए ऑटो को बेचने की फिराक में बहोरी डाण्डा से सहजादपुर डिडौली की तरफ जाने वाले रास्ते से आ रहे हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो ऑटो चला रहा संदिग्ध ऑटो चालक, ऑटो को कच्चे रास्ते पर मोड़कर भागने लगा। ऑटो में सवार एक अन्य संदिग्ध ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। अभियुक्त द्वारा की गयी फायरिंग में गोली थाना नसीरपुर पुलिस टीम के एचसीपी जितेन्द्र राजौरिया के हाथ को छूती हुई निकल गयी। जिससे वह घायल हो गये। थाना नसीरपुर पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी कार्यवाही में 01 संदिग्ध व्यक्ति के पैर गोली लग गयी।
थाना नसीरपुर पुलिस टीम द्वारा ऑटो की घेराबन्दी कर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। घायल अभियुक्त की पहचान सोनवीर उर्फ सोनू पुत्र रामदास निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर जिला फिरोजाबाद हाल निवासी शम्भू नगर पालीवाल चौराहा किराये का मकान थाना शिकोहाबाद तथा दूसरे अभियुक्त की पहचान प्रशान्त उर्फ भोला पुत्र सतीश चन्द्र निवासी ग्राम खितौली थाना नसीरपुर जिला फिरोजाबाद के रूप में हुई है। अभियुक्तगण के कब्जे से 01 अवैध तमंचा,01 जिन्दा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, लूटे रुपयों में से 1,000 रुपये नकद, लूटा गया मोबाइल फोन एवं ऑटो बरामद हुए हैं। एएसपी ने बताया कि घायल अभियुक्त सोनवीर उर्फ सोनू को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। अभियुक्तगण के विरुद्ध अग्रिम आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां