कार्तिक पूर्णिमा व प्रकाश पर्व पर मेरठ में निकली भव्य प्रभात फेरी, श्रद्धालुओं ने किया पुष्प वर्षा से स्वागत
मेरठ। आज कार्तिक पूर्णिमा व प्रकाश पर्व के मौके पर गुरुद्वारा कलगीधर लालकुर्ती से भव्य प्रभात फेरी निकाली गई। प्रभात फेरी में महिलाएं कीर्तन करतीं हुईं चल रही थीं। प्रभात फेरी में बैंडबाजे और श्रद्धालुगण गुरु के भजन गाते हुए चल रहे थे। गुरुदेव जी के भक्तों ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। इस मौके पर लोगों ने प्रभात फेरी मार्ग पर साफ सफाई की और गुलाब के फूल बिछाकर पंचप्यारों का स्वागत किया।
वहीं दूसरी ओर मवाना में गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व के अवसर पर तीन दिवसीय प्रभात फेरी का आयोजन पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ आज सुबह संपन्न हुआ। प्रभात फेरी की शुरुआत मोहल्ला हीरालाल स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग से हुई। जहां ग्रंथी सुरजीत सिंह ने विधिवत अरदास की। इसके पश्चात प्रभात फेरी गुरुद्वारा से थाना तिराहा, पंचवटी कॉलोनी और मास्टर काॅलोनी होते हुए एडवोकेट ओंकार सिंह संधू के आवास पर पहुंची जहां संगत का स्वागत किया गया।
पंजाबी समाज के लोगों ने सामूहिक रूप से प्रभात फेरी का स्वागत किया और संगत को प्रसाद वितरित किया। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालुओं ने वाहे गुरु जो बोले सो निहाल सत श्री अकाल के जयकारे लगाए। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और युवा शामिल रहे।
