मेरठ में सरकारी जमीन पर दुर्गा मूर्ति स्थापना को लेकर हंगामा, निगम ने चबूतरा तोड़ा

मेरठ। मेरठ के सूरजकुंड श्मशान घाट के पास रात में कुछ लोग सरकारी जमीन पर दुर्गा देवी की मूर्ति स्थापित करने की तैयारी कर रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम ने मूर्ति स्थापना करने से रोका तो लोगों ने हंगामा कर दिया। देर रात तक दुर्गा देवी मां की मूर्ति लगाने की कोशिश होती रही और पुलिस रोकती रही। लोगों ने मूर्ति स्थापना के लिए सरकारी जमीन पर चबूतरे का निर्माण तक करा दिया था। पुलिस और निगम के विरोध के बीच मौके पर तनाव उत्पन्न हो गया। पूरी रात पुलिस तैनात रही।

सूरजकुंड पर श्मशान घाट के पास बुधवार रात नगर निगम की जमीन पर चबूतरा बनाकर दुर्गा देवी मां की मूर्ति स्थापित करने को लेकर हंगामा हुआ। नगर निगम की टीम पुलिस के साथ पहुंची और बुलडोजर से चबूतरा तोड़ दिया गया। इसका लोगों ने विरोध किया। निगम की टीम ने कहा कि बिना अनुमति उनकी जमीन पर मूर्ति स्थापित नहीं होने दी जाएगी। इसके बाद नगर निगम की टीम मूर्ति अपने साथ ले गई। हंगामे को देखते हुए क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है।
सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी ने बताया कि सूरजकुंड स्थित श्मशान घाट के पास काली मां का काफी पुराना मंदिर है। बुधवार को मंदिर के बराबर में कुछ लोगों ने चबूतरा बनकर चहारदीवारी करके दुर्गा मां की मूर्ति लगा दी। इसकी शिकायत नगर निगम के अधिकारियों तक पहुंची कि उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया गया है।
सहायक नगर आयुक्त शरद पाल, सीओ सिविल लाइन अभिषेक तिवारी, सिविल लाइन और नौचंदी पुलिस के साथ मंदिर पर पहुंचे। उन्होंने दुर्गा मां की मूर्ति को हटवाया और बुलडोजर से मूर्ति रखने के लिए बनवाया गया चबूतरा तोड़ दिया। जैसे ही इसकी जानकारी क्षेत्रीय लोगों को लगी तो वे काफी संख्या में एकत्र हो गए। उन्होंने नगर निगम टीम और पुलिस का घेराव कर दिया।