मेरठ आरटीओ का लिपिक फर्जी आरसी गिरोह का सरगना, तीन दलाल गिरफ्तार

मेरठ आरटीओ आफिस का लिपिक निकला फर्जी आरसी बनाने वाला गैंग का सरगना, तीन दलाल गिरफ्तार
मेरठ। आरटीओ में फर्जी आरसी बनाने वाला गैंग पकड़ा गया है। इस गैंग में आरटीओ लिपिक समेत कई दलाल गाड़ियों की फर्जी आरसी तैयार करते थे इसके बाद चोरी की गाडियों को मोटे दामों में बेचते थे। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
मेरठ आरटीओ आफिस एक बार फिर से सुर्खियों में है। मेरठ आरटीओ आफिस में फर्जी आरसी बनाने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस गिरोह में आरटीओ आफिस में काम करने वाला लिपिक और दलाल शामिल हैं जो कारों और बड़ी गाडियों की फर्जी आरसी तैयार किया करते थे। गिरोह का मास्टरमाइंड आरटीओ आफिस का बाबू है। जो कि फर्जी आरसी तैयार करता था उसके इस काम में आरटीओ आफिस के बाहर काम करने वाले दो दलाल भी शामिल हैं।
मुजफ्फरनगर पुलिस के अनुसार थाना परतापुर क्षेत्र के गंगोल गांव के रहने वाले रविंदर, प्रवीण और शहजाद इस गिरोह के सदस्य हैं। आरटीओ लिपिक दीपक की मदद से ये दलाल फर्जी तरीके से आरसी तैयार करवाते थे और चोरी की गाड़ियों की मोटे दामों पर बेचते थे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार किया है। मुख्य आरोपी आरटीओ लिपिक दीपक फरार है। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। इस खुलासे के बाद आरटीओ कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है।
अपनी साख बचाने के लिए आरटीओ अधिकारियों ने डीएम डॉक्टर वीके सिंह को पत्र लिखकर आरटीओ कार्यालय परिसर में बाहरी लोगों के प्रवेश पर पूर्णता प्रतिबंध लगाने की मांग की है। बता दें मेरठ आरटीओ आफिस पहले भी इस तरह के मामलों को लेकर सुर्खियों में रहा है। यहां से कई बार फर्जी आरसी जारी हो चुकी हैं। फर्जी ड्राइविंग लाइसेंस बनाने वाले गिरोह का भी खुलासा पुलिस कर चुकी है।