संभल: असमोली विधायक पिंकी यादव का बीजेपी पर बड़ा हमला; फॉर्म-7 के जरिए 35 हजार वोट कटवाने का आरोप
प्रेसवार्ता कर गिनाए गांवों के आंकड़े, लेखपालों और VLO की भूमिका पर उठाए सवाल; जिलाधिकारी से नहीं हो सकी मुलाकात
संभल। जनपद की असमोली विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी की विधायक पिंकी यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर मतदाता सूची में हेरफेर करने का गंभीर आरोप लगाकर राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। विधायक का दावा है कि फॉर्म-7 का दुरुपयोग कर उनकी विधानसभा में सुनियोजित तरीके से लगभग 30 से 35 हजार मुस्लिम और यादव वोटरों के नाम काटे जा रहे हैं।
बहजोई में आयोजित एक प्रेसवार्ता के दौरान विधायक पिंकी यादव ने कहा कि बीजेपी द्वारा फॉर्म-7 का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही व्यक्ति के हस्ताक्षर से सैकड़ों फॉर्म भरकर लेखपालों के माध्यम से वोटर लिस्ट अधिकारी (VLO) को सौंपे जा रहे हैं। विधायक ने इसे पूरी तरह गैर-पारदर्शी प्रक्रिया बताते हुए कहा कि कई ऐसे मतदाताओं के नाम भी सूची से हटा दिए गए हैं, जिन्होंने न तो कोई आवेदन दिया था और न ही कोई शिकायत की थी।
गांवों के चौंकाने वाले आंकड़े पेश किए
पिंकी यादव ने साक्ष्यों के साथ कई गांवों के आंकड़े पेश किए। उन्होंने बताया कि धुरैटा के तीन बूथों पर 350, लहरा कमागर में 290, ऐंचोड़ा कम्बोह में 335, माडली समसपुर में 204 और वबैना गांव में 401 फॉर्म-7 जमा किए गए हैं। इसी तरह शेरपुर की मिलक और अन्य गांवों से भी लगातार शिकायतें मिल रही हैं।
डीएम से नहीं हो पाई मुलाकात
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी के साथ विधायक पिंकी यादव इस गंभीर विषय पर जिलाधिकारी से मिलना चाहती थीं, लेकिन समय न होने का हवाला देकर मुलाकात नहीं हो सकी। सपा ने चेतावनी दी है कि इस मुद्दे को विधानसभा और उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। फिलहाल इस मामले पर बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हमें फॉलो करें और हमसे जुड़े रहें।
(Follow us on social media platforms and stay connected with us.)
Youtube – https://www.youtube.com/@RoyalBulletinIndia
Facebook – https://www.facebook.com/royalbulletin
Instagram: https://www.instagram.com/royal.bulletin/
Twitter – https://twitter.com/royalbulletin
Whatsapp – https://chat.whatsapp.com/Haf4S3A5ZRlI6oGbKljJru

टिप्पणियां