सहारनपुर। गांव चकवाली में रात को सोते समय मस्जिद के इमाम हाफिज ताहिर (32) और उनके बेटे मुदकीर (11) को सांप ने डस लिया। जिसमें इमाम की मौत हो गई, जबकि बेटे का शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों के पैर और पेट पर डसने के निशान हैं। रात में हाफिज ताहिर और उनका बेटा मुदकीर घर पर सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने दोनों को डस लिया। सुबह हाफिज ताहिर मस्जिद पहुंचे।
यहां उन्हें अचानक से चक्कर आने लगे। इसके बाद मस्जिद से घर लौट आए। उन्होंने अपने बेटे के शरीर पर सांप डसने का निशान देखा। तभी परिजनों ने देखा कि हाफिज के पैर को भी सांप ने डसा हुआ है। परिजन और ग्रामीण दोनों को शहर में दिल्ली रोड स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए।
यहां हाफिज की हालत को देखकर हायर सेंटर रेफर कर दिया। पानीपत के एक अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके बेटे का इलाज शहर में ही चल रहा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हाफिज ताहिर तीन साल से मस्जिद के इमाम थे। मस्जिद भी घर के नजदीक ही है। उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं।