सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़: बदमाश घायल, साथी भाग निकला, अस्पताल में भर्ती

सहारनपुर । अंबेहटा-गंगोह मार्ग पर ढायकी गांव के जंगल में बीती रात पुलिस मुठभेड़ में टांग में गोली लगने के बाद भैरमऊ गांव निवासी बदमाश दीपक पकड़ा गया। हालांकि इस दौरान उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।

पुलिस गंगोह-अंबेहटा मार्ग पर चैकिंग कर रही थी। सीओ अशोक कुमार सिसौदिया ने बताया कि इसी दौरान बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। इस पर उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी तथा यूटर्न लेकर ढायकी गांव के जंगल की ओर भाग गए। पुलिस ने पीछा कर उन्हें घेरने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक सवार एक बाग में घुस गए जहां उनकी बाइक स्लिप हो गई।
बदमाशों ने पुलिस पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली दीपा उर्फ दीपक निवासी गांव भैरमऊ की टांग में लगने से वह घायल होकर गिर पड़ा। सीओ ने बताया कि दीपक नकुड़ थाने का हिस्ट्रीशीटर है तथा उस पर विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन अपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने दीपक के कब्जे से एक तमंचा, बाइक व कारतूस बरामद किए हैं। 24 घंटे के भीतर पुलिस व बदमाशों के बीच हुई यह दूसरी मुठभेड़ है। देर रात तक पुलिस मौके से भागे बदमाश की तलाश में कांबिंग कर रही थी।