गुरुग्राम: जर्जर मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर एक की मौत, बच्ची समेत 5 घायल
खौलता तेल गिरने से एक झुलसा, परिजनों ने मकान मालिक पर जड़ा लापरवाही का आरोप

गुरुग्राम। साइबर सिटी के डूंडाहेड़ा इलाके में बीती देर रात एक भीषण हादसे में जर्जर मकान की छत गिरने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्ची और महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर घंटों रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।
पुलिस के अनुसार, मामला डूंडाहेड़ा की 'स्कूल वाली गली' का है। मृतक की पहचान बिहार निवासी सतीश माल्या के रूप में हुई है। हादसे के वक्त सतीश कमरे में पलंग पर लेटे हुए थे, जबकि उनका साथी रवि झा पास ही खाना बना रहा था। अचानक छत भरभराकर गिर गई, जिससे सतीश मलबे में दब गए। इसी दौरान चूल्हे पर रखा खौलता हुआ तेल रवि के चेहरे पर गिर गया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।
पति-पत्नी और बच्ची भी चपेट में आए
यह हादसा इतना अचानक हुआ कि मकान के बाहर से बाइक पर गुजर रहे एक दंपति और उनकी छोटी बच्ची भी मलबे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सतीश के शव को बाहर निकाला, जबकि अन्य घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया। रवि झा की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
परिजनों का फूटा गुस्सा
मृतक सतीश के भाई ने मकान मालिक और ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि हमने कई बार शिकायत की थी कि छत जर्जर है और बारिश में पानी टपकता है। मरम्मत की गुहार लगाई गई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आज उनकी इसी लापरवाही ने मेरे भाई की जान ले ली। परिजनों ने प्रशासन से दोषी मकान मालिक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान अत्यंत पुराना था और ढांचे में दरारें आ चुकी थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने आसपास के अन्य पुराने मकानों की भी जांच के आदेश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां