मप्र के मुख्यमंत्री ने राजस्थान के उद्योगपतियों के साथ की वन-टू-वन चर्चा, निवेश के लिए किया आमंत्रित

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन ने यादव ने शनिवार को जयपुर में आयोजित 'इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्य प्रदेश' सत्र में विभिन्न उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन मीटिंग की। उन्होंने राजस्थान के निवेशकों को मध्य प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राजस्थान एंजल्स के अध्यक्ष महावीर प्रताप शर्मा, महिंद्रा लाइफ साइंसेज के हेड अनुज बिंदल, इन्सोलेशन एनर्जी के चेयरमैन मनीष गुप्ता, फेडरेशन ऑफ राजस्थान ट्रेड एण्ड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, प्रताप ग्रुप के मैनेजिंग डॉयरेक्टर देवेन्द्र सिंह शेखावत, डीजीएस ट्रांस लॉजिस्टिक्स के डॉयरेक्टर सौरभ खंडेलवाल, अक्षय इन्फ्रासिस इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डॉयरेक्टर अक्षय हाड़ा, प्लास्टिक मेन्युफैक्चर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रवण शर्मा, हॉस्पिटेलिटी एवं टूरिज्म एसोसिएशन के अध्यक्ष कैलाश खंडेलवाल और मैजेस्टिक बासमती राइस प्रा.लि. के डॉयरेक्टर विज्ञान लोढ़ा से वन-टू-वन चर्चा कर उन्हें मध्य प्रदेश में निवेश के लिये आमंत्रित किया।
मुख्यमंत्री ने निवेशकों से अपील करते हुए कहा कि आप देश के दिल, असीम संभावनाओं और विकास अवसरों के केंद्र से जुड़िए, बेहिचक मध्य प्रदेश में निवेश कीजिए। मध्य प्रदेश में बेहतर नीतियां, बेहतर अवसर, बेहतर इन्सेंटिव, बेहतर इकोसिस्टम, बेहतर मार्केट लिंकेज और बेहतर ग्रोथ रेट के साथ आपको हर कदम पर सरकार का फुल सपोर्ट मिलेगा।
मध्य प्रदेश ने भरी लंबी उड़ान
सत्र में राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रेसिडेंट डॉ. केएल जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में औद्योगिक विकास को तेजी से गति मिल रही है। राज्य ने लंबी उड़ान भरी है। देश-दुनिया के निवेशक मध्य प्रदेश में तेजी से निवेश कर रहे हैं। राज्य में इंडस्ट्रियल और सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर साथ-साथ बढ़ रहे हैं। डॉ. जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश के साथ राजस्थान भी पीकेसी परियोजना पर काम कर रहा है। वन्यजीव पर्यटन में भी मध्य प्रदेश काफी आगे है। रीवा इकलौता क्षेत्र हैं, जहां सफेद बाघ देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव का हमेशा ही मित्रवत व्यवहार रहा है। राजस्थान के निवेशक मध्य प्रदेश में अपना विस्तार कर रहे हैं। राजस्थान भी मध्य प्रदेश की नीतियों पर चलते हुए आगे बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश रिलीजियस और हेल्थ टूरिज्म में भी उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।
बाबई-मोहासा औद्योगिक प्रक्षेत्र में 1650 करोड़ रुपये का निवेश
इन्सुलेशन एनर्जीस के चेयरमैन मनीष गुप्ता ने बताया कि उन्होंने नर्मदापुरम जिले के बाबई-मोहासा औद्योगिक प्रक्षेत्र में करीब 1650 करोड़ रुपये का निवेश किया है, जिससे 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा। यहां 45 एकड़ में औद्योगिक इकाई स्थापित करने में कोई बाधा नहीं आई। सड़क, बिजली और पानी जैसी सभी बुनियादी सुविधाएं यहां पहले से उपलब्ध हैं। अक्टूबर 2025 में परियोजना का कार्य प्रारंभ हो चुका है और नवंबर-दिसंबर 2026 तक यूनिट पूरी तरह तैयार हो जाएगी। इस औद्योगिक क्षेत्र में हमारी सोलर सेल निर्माण इकाई देश की सबसे अच्छी यूनिट होगी। हम यहां भविष्य की ऊर्जा का निर्माण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में प्रदेश में तेजी से औद्योगिक विकास हो रहा है।
राजस्थान से मध्य प्रदेश में स्टार्टअप्स में आएगा बड़ा निवेश
राजस्थान एंजल्स ग्रुप के चेयरमैन महावीर प्रताप शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव को बधाई देता हूं। हमारी कंपनी ने टायर रिसाइक्लिंग के लिए देश का पहला प्लांट सेटअप किया है। एआई के दौर में डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए सस्ती बिजली की जरूरत है। इसके लिए आबुधाबी फंड्स रूचि दिखा रहा है। मध्य प्रदेश ऐसा राज्य है, जहां चार रुपये प्रति यूनिट औद्योगिक दर पर बिजली उपलब्ध है। मुख्यमंत्री पिछले दो माह में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए तीसरी बार राजस्थान आए हैं। इन्वेस्टमेंट 'अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश' सेशन में सीआईआई की राजस्थान इकाई के चेयरमैन रजनीश भंडारी ने मध्यप्रदेश सरकार की नीतियों की सराहना की।
राजस्थान और मध्य प्रदेश परिवार जैसे : कन्हैयालाल चौधरी
राजस्थान सरकार में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भूजल मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने कहा कि राजस्थान और मध्य प्रदेश परिवार जैसे हैं। दोनों राज्य सरकारों ने सबसे पहले आपसी समन्वय से जल बंटवारे का समाधान निकाला है। इससे पश्चिमी राजस्थान के सभी जिलों को भरपूर पेयजल एवं खेतों में सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में निवेश के लिए बेहद अनुकूल वातावरण उपलब्ध है। दोनों राज्य मिलकर देश के औद्योगिक विकास की यात्रा पर साथ आगे बढ़ेंगे।
कार्यक्रम में मप्र के औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन तथा एमएसएमई के प्रमुख सचिव राघवेंद्र कुमार सिंह ने निवेशकों को मध्य प्रदेश की उद्योग फ्रेंडली नीतियों की जानकारी दी। राजस्थान चैम्बर ऑफ कॉमर्स की ओर से पदाधिकारी एनके जैन सत्र में शामिल हुए सभी निवेशकों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर देवेंद्र सिंह शेखावत, ओंकार बागेरिया, एमपीआईडीसी के प्रबंध संचालक चंद्रमौली शुक्ला सहित प्रमुख उद्योगपति विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय संस्था लघु उद्योग भारती की राजस्थान इकाई के सभी पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. यादव का आत्मीय स्वागत किया।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां