मुजफ्फरनगर: मीरापुर में युवती को बहला-फुसलाकर किया अगवा, युवक की तलाश में जुटी पुलिस
मोहल्ला तहबरपुरा की घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल व्याप्त

मीरापुर। क्षेत्र के मोहल्ला तहबरपुरा से एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवती के पिता ने थाने में तहरीर देते हुए एक गैर-संप्रदाय के युवक पर अपनी बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का गंभीर आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही परिजनों में चिंता और आक्रोश व्याप्त है।
पीड़ित पिता के अनुसार, घटना 20 मार्च की है जब उनकी बेटी अचानक घर से लापता हो गई। काफी समय तक घर न लौटने पर परिजनों ने सगे-संबंधियों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कहीं कोई सुराग नहीं मिला। छानबीन के दौरान परिजनों को पता चला कि एक युवक उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
सोशल मीडिया पर उठी बरामदगी की मांग
मामले की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। घटना को लेकर सामाजिक स्तर पर भी तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। स्थानीय लोगों और कुछ संगठनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रशासन से युवती की शीघ्र और सकुशल बरामदगी की मांग की है।
पुलिस की कार्रवाई और आश्वासन
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई है। थाना अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि युवती के पिता की शिकायत के आधार पर संबंधित युवक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना अध्यक्ष ने कहा कि युवती की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं। सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। जल्द ही युवती को बरामद कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सक्रिय पत्रकार आफ़ताब आलम 'रॉयल बुलेटिन' के लिए मुज़फ्फरनगर के मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर पैनी नजर रखने वाले आफ़ताब आलम स्थानीय मुद्दों, जन-समस्याओं और व्यापारिक हलचलों को पूरी निष्पक्षता के साथ प्रमुखता से उठाते हैं। पिछले लंबे समय से वे मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 9319454764 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां