मुजफ्फरनगर: त्योहार पर गैस का संकट, ईद के दिन सिलेंडर के लिए हाहाकार; उपभोक्ताओं ने विशाल भारत गैस एजेंसी पर किया हंगामा

मुजफ्फरनगर। जनपद में जहाँ एक ओर ईद-उल-फितर का उल्लास था, वहीं दूसरी ओर रुड़की रोड स्थित विशाल भारत गैस एजेंसी के उपभोक्ताओं के लिए यह दिन भारी मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का कारण बन गया। रसोई गैस सिलेंडर न मिलने से आक्रोशित सैकड़ों उपभोक्ताओं ने एजेंसी के गोदाम पर जमकर हंगामा किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। हैरानी की बात यह रही कि गोदाम के बाहर गैस से भरी गाड़ी खड़ी होने के बावजूद वितरण नहीं किया गया।
सुबह 4 बजे से लाइन में लगे रहे अकीदतमंद
त्योहार के मद्देनजर रसोई की जरूरतों को पूरा करने के लिए उपभोक्ता तड़के 4 बजे से ही गोदाम के बाहर लंबी कतारों में लग गए थे। उपभोक्ताओं का आरोप है कि एजेंसी द्वारा उन्हें 21 मार्च को सिलेंडर वितरण की तारीख दी गई थी। भीड़ को देखकर एजेंसी के जिम्मेदार कर्मचारी मौके से कन्नी काट गए और यहाँ तक कि तैनात चौकीदार भी गेट पर ताला लटकाकर फरार हो गया।
नमाज छोड़कर लाइन में खड़े रहे लोग
हंगामे के दौरान मोहम्मद अनीस ने अपना दर्द साझा करते हुए कहा, "हम सुबह 5 बजे से लाइन में खड़े हैं। ईद की नमाज भी भागते-दौड़ते इसी चिंता में पढ़ी कि कहीं नंबर न निकल जाए। 100 से 150 लोग परेशान हैं, लेकिन एजेंसी वाले फोन तक नहीं उठा रहे।" वहीं बुजुर्ग मोहम्मद राकिब हसन ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि एक ओर सरकार जनकल्याण के कार्य कर रही है, वहीं ऐसे लापरवाह लोग सरकार की छवि धूमिल करने का काम कर रहे हैं।
पुलिस ने दी घर लौटने की हिदायत, पर अड़े रहे उपभोक्ता
हंगामे की सूचना पर यूपी डायल 112 की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से घोषणा की कि उपभोक्ता अपने घर लौट जाएं, सिलेंडर होम डिलीवरी के माध्यम से घर पर ही पहुंचाया जाएगा। हालांकि, एजेंसी प्रबंधन या खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि न होने के कारण उपभोक्ताओं ने हटने से इनकार कर दिया। उपभोक्ताओं का स्पष्ट कहना था कि जब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल जाता, वे मौके से नहीं हटेंगे।
प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग
त्योहार के दिन हुई इस अव्यवस्था ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूचना पट (Notice Board) खाली होने और जिम्मेदार अधिकारियों के नदारद रहने से उपभोक्ताओं में भारी रोष है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जिला पूर्ति अधिकारी से इस मामले में तत्काल संज्ञान लेने और दोषी एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां