'पहले ठाकुर सामान लेंगे, दलित बाद में'—दुकान पर हुए विवाद में दलित परिवार पर हमला, महिलाओं समेत 5 घायल, CCTV में कैद हुई वारदात

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित रामपुरी मोहल्ले में गुरुवार सुबह जातिसूचक टिप्पणी और दबंगई को लेकर भारी बवाल हो गया। एक परचून की दुकान पर सामान लेने के क्रम को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि ठाकुर समाज के कुछ लोगों ने एक दलित परिवार के घर में घुसकर हमला कर दिया, जिसमें दो महिलाओं सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मारपीट की यह पूरी घटना पास के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विवाद की वजह: 'जाति के आधार पर सामान की प्राथमिकता'
जानकारी के अनुसार, रामपुरी निवासी किरण पाल सुबह मोहल्ले की ही एक परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। वहां पहले से मौजूद अजब सिंह ठाकुर नामक व्यक्ति से सामान लेने की बारी को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि अजब सिंह ने किरण पाल पर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए कहा कि "पहले ठाकुर समाज के लोग सामान लेंगे, दलितों को बाद में मिलेगा।" जब किरण पाल ने इस भेदभाव का विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया।
घर में घुसकर किया हमला, महिलाओं के फटे कपड़े
विवाद के कुछ ही देर बाद, आरोप है कि अजब सिंह ने अपने परिवार और 10-20 अन्य युवकों को फोन करके बुला लिया और किरण पाल के घर पर धावा बोल दिया। पीड़ित अर्जुन ने बताया कि हमलावरों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों से मारपीट की। अर्जुन का आरोप है कि हमलावरों ने महिलाओं (मुनेश और विमला) के साथ भी अभद्रता की और उनके कपड़े तक फाड़ दिए। इस हमले में सत्यम, कुणाल और अर्जुन सहित कुल पांच लोग घायल हुए हैं। एक युवक का पैर टूटने और दो के सिर में गंभीर चोट आने की बात सामने आई है।
CCTV फुटेज वायरल, पुलिस की कार्रवाई शुरू
घटना का जो सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, उसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह युवक हाथों में डंडे लेकर गली में हंगामा कर रहे हैं और मारपीट कर रहे हैं। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों का कहना है कि वे खुद बाइक पर घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे और पुलिस को तहरीर दी है।
अधिकारियों का पक्ष
इस संवेदनशील मामले पर जानकारी देते हुए एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि रामपुरी मोहल्ले में दो पक्षों के बीच दुकान पर सामान लेने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट हुई। एसपी सिटी के अनुसार:
-
घायल व्यक्तियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।
-
पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है।
-
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान कर वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां