मुजफ्फरनगर का अभेद्य किला: 9 जोन और 21 सेक्टर में बंटा जनपद, त्योहारों से पहले सड़कों पर उतरी खाकी

मुजफ्फरनगर। आगामी अलविदा जुम्मा, ईद-उल-फितर और चैत्र नवरात्र के पावन पर्वों को देखते हुए मुजफ्फरनगर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा का एक ऐसा चक्रव्यूह तैयार किया है कि परिंदा भी पर न मार सके। जनपद की शांति व्यवस्था को कायम रखने के लिए पूरे जिले को 9 जोन और 21 सेक्टरों में विभाजित कर दिया गया है। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक नगर सत्यनारायण प्रजापत और एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने शहर की सड़कों पर फ्लैग मार्च कर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया और अराजक तत्वों को कड़ा संदेश दिया।
ईदगाह का निरीक्षण और सुरक्षा का खाका
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगरः टिटौडा के 14 साल पुराने हत्या के मामले में आरोपियों को बरी किया, सत्र न्यायालय का फैसलाफ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों का काफिला शामली स्टैंड स्थित मुख्य ईदगाह पहुंचा, जहां नमाज की तैयारियों और सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों में पुलिस के साथ-साथ पीएसी की अतिरिक्त टुकड़ियां तैनात रहेंगी। एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सफाई, पानी और बिजली की व्यवस्था में कोई कोताही न बरती जाए। साथ ही धर्मगुरुओं के साथ संवाद कर उनसे सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की गई।
सोशल मीडिया पर 'तीसरी आंख' की नजर
सुरक्षा के भौतिक इंतजामों के साथ-साथ डिजिटल मोर्चे पर भी प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक खबर फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी अपुष्ट जानकारी पर भरोसा करने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें। फ्लैग मार्च के जरिए आम नागरिकों को यह भरोसा दिलाया गया कि वे निडर होकर अपने त्योहार मनाएं, पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए हर मोड़ पर तैनात है।
नमाज और कानून का अनुशासन
प्रशासन ने नमाज को लेकर भी स्थिति स्पष्ट कर दी है। अधिकारियों ने अपील की है कि सभी धार्मिक क्रियाकलाप और नमाज केवल निर्धारित स्थानों और परिसरों के भीतर ही संपन्न किए जाएं, ताकि यातायात या आम जनजीवन प्रभावित न हो। 21 सेक्टरों में तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारी पल-पल की रिपोर्ट कंट्रोल रूम को भेजेंगे। भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल पेश करने वाले इस शहर में पुलिस का यह शक्ति प्रदर्शन शांति सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुजफ्फरनगर की जमीनी हकीकत, राजनीति और क्राइम से जुड़ी हर खबर को वीडियो रिपोर्टिंग के जरिए बेबाकी से पहुँचाने वाले इस्तेखार अब्बासी पिछले 3 वर्षों से रॉयल बुलेटिन परिवार का हिस्सा हैं। BJMC डिग्री धारक इस्तेखार ने अपनी सधी हुई रिपोर्टिंग और खबरों की गहरी समझ से जिले में एक खास पहचान बनाई है।
मुजफ्फरनगर से जुड़ी खबरों और सुझावों के लिए इनसे संपर्क करें: 📞 मोबाइल: 8266055143

टिप्पणियां