मुजफ्फरनगर: छतेला गांव में रंजिश के चलते खूनी संघर्ष, महिला समेत तीन की हालत गंभीर
इंटरनेट पर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई तितावी पुलिस

मुजफ्फरनगर। जनपद के थाना तितावी क्षेत्र के अंतर्गत गांव छतेला में बुधवार को पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हुआ। दबंगों ने एक परिवार को निशाना बनाते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में एक महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें हमलावर बेखौफ होकर प्रहार करते नजर आ रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव में एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते एक पक्ष के दर्जनों लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर धावा बोल दिया। हमलावरों ने आव देखा न ताव और घर में मौजूद लोगों पर लाठी-डंडों व हथियारों से टूट पड़े। हमले के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई और पीड़ितों की चीख-पुकार से पूरा इलाका दहल उठा।
घायलों की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर
इस हमले में एक महिला और दो पुरुष गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। आसपास के ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर घायलों को संभाला और तुरंत स्थानीय अस्पताल पहुँचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया है।
वायरल वीडियो बना पुलिस का मुख्य साक्ष्य
मारपीट के दौरान किसी ग्रामीण ने छिपकर पूरी घटना का वीडियो बना लिया और उसे इंटरनेट पर प्रसारित कर दिया। वीडियो में हमलावरों के चेहरे और उनके हाथ में मौजूद हथियार साफ देखे जा सकते हैं। पुलिस ने इस वीडियो को अपने कब्जे में लेकर साक्ष्य के तौर पर शामिल किया है।
दहशत में परिवार, पुलिस की कार्रवाई जारी
घटना के बाद से पीड़ित परिवार गहरे सदमे और दहशत में है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई है। थाना प्रभारी का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त कर ली गई है और पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी नामजद आरोपी सलाखों के पीछे होंगे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां