मुजफ्फरनगर :ईद की उमंग से गुलजार हुए बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ा जनसैलाब
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील जगहों पर पुलिस बल तैनात

मुजफ्फरनगर। मुस्लिम समुदाय के पवित्र और सबसे बड़े पर्व ईद-उल-फितर की आहट के साथ ही जनपद मुजफ्फरनगर के बाजारों में उत्सव का माहौल है। त्योहार की तैयारियों को लेकर मंगलवार को बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं रही। साप्ताहिक अवकाश के बावजूद व्यापारियों ने त्योहार के मद्देनजर रेडीमेड गारमेंट्स, फुटवियर और कॉस्मेटिक्स के शोरूम खुले रखे, जहाँ देर शाम तक ग्राहकों की भारी भीड़ देखी गई।
शहर के व्यस्ततम व्यापारिक केंद्रों जैसे भगत सिंह रोड, रुड़की रोड, नावल्टी चौक और कच्ची सड़क पर सुबह से ही खरीदारों का तांता लगा रहा। क्या बच्चे और क्या बड़े, हर कोई ईद के नए लिबास, टोपी और इत्र की खरीदारी में मशगूल नजर आया। ब्रांडेड शोरूम्स से लेकर पटरी बाजारों तक हर जगह ग्राहकों की मौजूदगी से दुकानदारों के चेहरे खिल उठे हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि इस बार पिछले वर्षों के मुकाबले बाजार में अधिक उत्साह और व्यापारिक उछाल देखने को मिल रहा है।
पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद
बाजारों में बढ़ती भीड़ और त्योहार के मद्देनजर जिला पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। शहर के संवेदनशील और व्यस्त चौराहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। क्षेत्र में सक्रिय पुलिस द्वारा सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं ट्रैफिक पुलिस ने जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया ताकि खरीदारों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
तैयारियों में जुटा हर वर्ग
ईद में अब चंद दिन ही शेष हैं, ऐसे में लोग अपने परिवार के साथ घर की सजावट से लेकर खाने-पीने की वस्तुओं की अग्रिम खरीदारी में जुटे हैं। विशेषकर बच्चों के कपड़ों और जूतों की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। शहर का हर कोना ईद की खुशियों और सांप्रदायिक सौहार्द के रंग में रंगा नजर आ रहा है।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: जिला परिषद मार्केट में नारकोटिक्स का शिकंजा, हिरासत में लिए गए दुकान मालिक से की पूछताछ
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां