मुजफ्फरनगर: 2 अप्रैल को मनेगा श्री बालाजी जन्मोत्सव, भव्य स्वर्ण रथ यात्रा की तैयारी
तेरह दिवसीय कार्यक्रम में रामचरितमानस कथा और विशाल भंडारे का होगा आयोजन

मुजफ्फरनगर। जनपद के हृदय स्थल भरतिया कॉलोनी स्थित श्री बालाजी धाम मंदिर सेवा समिति द्वारा इस वर्ष श्री बालाजी महाराज का जन्मोत्सव अभूतपूर्व भव्यता के साथ मनाने का निर्णय लिया गया है। समिति के पदाधिकारियों ने 23 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक चलने वाले धार्मिक कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की है।
श्री बालाजी मंदिर प्रांगण में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान समिति के पदाधिकारियों ने श्री बालाजी जन्मोत्सव की तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि उत्सव का मुख्य आकर्षण 2 अप्रैल (चैत्र सुदी पूर्णिमा) को आयोजित होने वाली विशाल शोभायात्रा होगी। इस दिन प्रातः 6:30 बजे भगवान श्री बालाजी का अलौकिक स्वर्ण श्रृंगार किया जाएगा, जिसके बाद महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन होगा। सुबह 9:00 बजे श्री बालाजी महाराज अपने भव्य स्वर्ण रथ पर विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। यह शोभायात्रा मंदिर प्रांगण से शुरू होकर नई मंडी, कूकड़ा नवीन मंडी, मुनीम कॉलोनी, पटेलनगर, गांधी कॉलोनी और शहर के विभिन्न मुख्य बाजारों से होकर गुजरेगी। यात्रा में आधा दर्जन से अधिक बैंड-बाजे और भक्तिमय झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
कलश यात्रा और रामकथा का शुभारंभ
जन्मोत्सव का विधिवत आरंभ 23 मार्च को प्रातः 8:00 बजे भव्य कलश यात्रा के साथ होगा। इसी दिन से 31 मार्च तक प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक विख्यात कथावाचक शांतनु महाराज द्वारा श्री रामचरितमानस कथा एवं श्री बालाजी सत्संग के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म लाभ कराया जाएगा। इन धार्मिक कार्यक्रमों का समापन भजन संध्या और भंडारे से होगा। इसमें 3 अप्रैल को भव्य भजन संध्या का आयोजन, जिसमें संजू शर्मा, संजू भारती और स्थानीय कलाकार बाबा का गुणगान करेंगे। 4 अप्रैल को प्रातः 8:00 बजे संकटमोचन हवन और दोपहर 12:00 बजे से विशाल भंडारे के साथ उत्सव का समापन होगा।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगर: आश्वासन की स्याही से पिघला किसानों का गुस्सा, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर धरना समाप्तप्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता के दौरान समाजसेवी भीमसैन कंसल, हरिशंकर तायल, सत्यप्रकाश रेशू, सुनील तायल, राकेश अरोरा, विजय बंसल, रामनिवास मित्तल सहित नितिन गोयल, अमरीश सिंघल, जे.पी. गोयल, और विकास अग्रवाल आदि उपस्थित रहे। समिति ने सभी धर्मप्रेमियों से इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
ओ.पी. पाल पिछले साढ़े तीन दशकों से पत्रकारिता में सक्रिय एक प्रतिष्ठित नाम हैं। भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त (P.I.B. Accredited) वरिष्ठ पत्रकार श्री पाल ने लंबे समय तक लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के साथ-साथ गृह, रक्षा और कृषि जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की नेशनल ब्यूरो स्तर पर रिपोर्टिंग की है।
अमर उजाला और दैनिक जागरण से पत्रकारिता की शुरुआत करने वाले श्री पाल ने 'शाह टाइम्स' में न्यूज़ एडिटर और 'हरिभूमि' (दिल्ली) में वरिष्ठ संवाददाता के रूप में लंबी सेवाएं दी हैं। राजनीति विज्ञान और कृषि के विशेषज्ञ होने के साथ-साथ वे 'साहित्य रत्न' से भी विभूषित हैं। वर्तमान में वे एक स्वतंत्र पत्रकार और स्तंभकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

टिप्पणियां