मुजफ्फरनगर: खतौली में बंद मकान से मिला लापता अश्वनी पंडित का शव, हत्या की आशंका
मौत की पहेली सुलझाने में जुटी पुलिस, बाहर से कमरे की बंद थी कुंडी, मैन गेट पर ताला

खतौली(मुजफ्फरनगर)। कस्बा के मोहल्ला सर्राफान निवासी अश्वनी पंडित (45) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। मंगलवार शाम से लापता अश्वनी का शव गुरुवार सुबह तीर्थ कॉलोनी स्थित उनके ही एक खाली पड़े बंद मकान के कमरे में फर्श पर पड़ा मिला। कमरे की कुंडी बाहर से बंद होना और मुख्य गेट पर ताला लटका मिलना इस पूरी घटना को संदिग्ध बना रहा है, जिससे परिजनों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अविवाहित अश्वनी पंडित मोहल्ला सर्राफान स्थित अपने पुश्तैनी मकान में अकेले रहते थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार शाम खाना खाने के बाद उनके मोबाइल पर किसी की कॉल आई थी, जिसके बाद वे अपनी बाइक लेकर घर से निकले थे। अक्सर देर रात लौटने की आदत के कारण परिजनों ने उस रात ज्यादा ध्यान नहीं दिया। लेकिन बुधवार सुबह जब भाई दीपक शर्मा और अन्य परिजनों ने फोन किया, तो अश्वनी ने कॉल रिसीव नहीं की। दिनभर की तलाश और आश्रमों की खाक छानने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं लगा।
ये भी पढ़ें मुजफ्फरनगरः टिटौडा के 14 साल पुराने हत्या के मामले में आरोपियों को बरी किया, सत्र न्यायालय का फैसलाबंद मकान में बाइक देख फटे रह गए कान
गुरुवार सुबह तलाश करते हुए भतीजा विक्रांत शर्मा जब तीर्थ कॉलोनी स्थित उनके दूसरे बंद मकान पर पहुँचा, तो वहां का मंजर देखकर दंग रह गया। मकान के अहाते में अश्वनी की बाइक खड़ी थी। सूचना पर पहुँचे परिजनों ने जब बाहर से कुंडी लगे कमरे का दरवाजा खोला, तो अंदर फर्श पर अश्वनी का शव पीठ के बल पड़ा था। घर के अंदर इस तरह शव मिलने की खबर फैलते ही मोहल्लेवासियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
हत्या की ओर इशारा कर रहे साक्ष्य!
घटनास्थल की स्थिति कई सवाल खड़े कर रही है। परिजनों का तर्क है कि यदि अश्वनी ने खुदकुशी की होती या प्राकृतिक मौत होती, तो कमरे की कुंडी बाहर से बंद नहीं हो सकती थी और न ही मकान के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा होता। परिजनों ने पुलिस से मामले की गहराई से जांच की मांग करते हुए इसे सुनियोजित हत्या करार दिया है।
पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम
सूचना मिलते ही कोतवाल दिनेश चंद्र बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुँचते ही कोहराम मच गया। गमगीन माहौल में देर रात मोक्षधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाल ने बताया कि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का असली कारण स्पष्ट होते ही विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी थी।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
वरिष्ठ पत्रकार आरिफ सिद्दीकी पिछले 32 वर्षों से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार के एक अभिन्न स्तंभ हैं। मुज़फ्फरनगर के खतौली क्षेत्र की ज़मीनी समस्याओं और विकास के मुद्दों पर उनकी पकड़ बेमिसाल है। तीन दशकों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारिता करियर में उन्होंने हमेशा सत्य और निष्पक्षता का मार्ग चुना है। विश्वसनीय रिपोर्टिंग और क्षेत्रीय विषयों पर उनकी गहरी समझ उन्हें क्षेत्र के सबसे अनुभवी पत्रकारों की श्रेणी में खड़ा करती है। खतौली की खबरों के लिए उनसे 9897846483 पर संपर्क किया जा सकता है।

टिप्पणियां