मुजफ्फरनगर: तीन साल की फरारी के बाद पुलिस की गिरफ्त में 'शातिर पंखा ठग'
विश्वास का फायदा उठाकर की अजय श्रीवास्तव ने की थी 'अमानत में खयानत'

मुजफ्फरनगर। ठगी के एक बड़े ही अजीबोगरीब लेकिन थका देने वाले मामले में नई मंडी थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है, जो पंखा मरम्मत के नाम पर ठगी कर गायब हो गया था। पकड़े गए आरोपी की पहचान अजय श्रीवास्तव के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने गांधी कॉलोनी की गली नंबर नौ से घेराबंदी कर दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, मामला तीन साल पुराना है, जब गांधी कॉलोनी निवासी पीड़ित राकेश अरोरा के घर अजय श्रीवास्तव पहुँचा था। उसने पंखे ठीक करने का झांसा देकर मरम्मत के नाम पर घर के तीन पंखे उतार लिए और उन्हें अपने साथ ले गया। इसके बाद अजय ने न तो पंखे वापस किए और न ही पीड़ित का फोन उठाया। काफी समय बीतने के बाद जब ठगी का अहसास हुआ, तो राकेश अरोरा ने थाना नई मंडी में अमानत में खयानत (धारा 406) के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
स्कूटर से शहर दर शहर की तलाश
इस मामूली से दिखने वाले केस के पीछे पीड़ित राकेश अरोरा का भारी संघर्ष छिपा है। बताया गया कि अपने 10 हजार रुपये के नुकसान और न्याय के लिए राकेश अरोरा ने पिछले तीन सालों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय से लेकर विभिन्न पुलिस चौकियों के अनगिनत चक्कर लगाए। इतना ही नहीं, उन्होंने हार नहीं मानी और खुद अपने स्कूटर से शहर के चप्पे-चप्पे पर आरोपी को ढूंढने के लिए भटकते रहे। इस तलाश में उनके हजारों रुपये पेट्रोल और समय के रूप में खर्च हो गए।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने डाला डेरा
नई मंडी थाना पुलिस को गुरुवार को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी अजय श्रीवास्तव गांधी कॉलोनी क्षेत्र में ही कहीं छिपा हुआ है। पुलिस ने बिना देरी किए इलाके की घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का है और गिरफ्तारी से बचने के लिए बार-बार ठिकाने बदल रहा था। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां