मुजफ्फरनगर: मुठभेड़ के बाद चार शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की क्रेटा कार और असलहे बरामद

मुजफ्फरनगर। जनपद की थाना सिविल लाइन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने वाहन चोरी के एक बड़े संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। बुधवार को बामनहेड़ी रेलवे पुल के पास हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान टीम ने चार शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पकड़े गए अभियुक्तों के कब्जे से चोरी की गई एक क्रेटा कार, दो तमंचे, कारतूस, फर्जी आरसी और चालीस हजार रुपये की नकदी बरामद हुई है।
बैंक्वेट हॉल से चोरी हुई थी कार
मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते दस मार्च को गांधी कॉलोनी निवासी प्रीति नारंग ने तहरीर दी थी कि अर्पाग बैंक्वेट हॉल से उनकी क्रेटा कार चोरी हो गई है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने जब तफ्तीश शुरू की तो चार संदिग्धों के नाम प्रकाश में आए। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बामनहेड़ी रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध क्रेटा सवारों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने भागने की कोशिश की और उनकी गाड़ी खेत में जा घुसी।
मुठभेड़ के बाद दबोचे गए बदमाश
गाड़ी फंसने के बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए घेराबंदी की और आवश्यक बल प्रयोग कर चारों अभियुक्तों को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अजय तोमर निवासी दिल्ली, आस मोहम्मद उर्फ पप्पू और अरुण उर्फ पिंटू निवासी मेरठ तथा तोहसीफ निवासी भीलवाड़ा (राजस्थान) के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे दिल्ली, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से गाड़ियां चोरी कर उनके नंबर बदलकर दूसरे राज्यों में बेच देते थे।
अपराध की दुनिया के पुराने खिलाड़ी
गिरफ्तार अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है। गिरोह का सदस्य अजय तोमर दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में चोरी और गैंगस्टर एक्ट के चौंतीस मुकदमों में नामजद है। वहीं आस मोहम्मद पर सोलह और अरुण उर्फ पिंटू पर हत्या व गैंगस्टर समेत चार मुकदमे दर्ज हैं। बरामद हुए चालीस हजार रुपये आरोपियों ने पूर्व में चोरी की गई गाड़ियों को बेचकर अर्जित किए थे। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार और एसओजी प्रभारी मोहित सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां