पलवल में कार सवार की पीट-पीटकर हत्या, खेत में लहूलुहान मिला शव, केस दर्ज

पलवल। जिले के हसनपुर थाना क्षेत्र के काशीपुर गांव के पास एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक का शव गेहूं के खेत में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला, जबकि उसकी कार सड़क किनारे खड़ी मिली। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सुर्जन का नंगला (हाफजाबाद) निवासी 45 वर्षीय सहरु के रूप में हुई है। मृतक के भाई मोरमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सहरु 16 मार्च की दोपहर करीब दो बजे अपनी कार से किसी निजी काम से हसनपुर गया था। शाम को सहरु ने अपने बेटे सुहान को फोन कर बताया कि कुछ लोगों ने उसे काशीपुर के पास घेर लिया है। फोन पर उसकी आवाज घबराई हुई थी। सूचना मिलते ही सुहान और उसका भतीजा शोएब मौके पर पहुंचे। वहां सड़क किनारे सहरु की कार खड़ी मिली, जबकि पास के गेहूं के खेत में सहरु लहूलुहान हालत में बेहोश पड़ा था।
परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल पलवल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
हसनपुर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बुधवार को बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मृतक की कॉल डिटेल्स भी जांच के दायरे में हैं। आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली अर्चना सिंह वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज एडिटर के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 वर्षों से अधिक का गहरा अनुभव है। नोएडा के प्रतिष्ठित 'जागरण इंस्टीट्यूट' से इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया में मास्टर्स की डिग्री प्राप्त अर्चना सिंह ने अपने करियर की शुरुआत 2013 में पुलिस पत्रिका 'पीसमेकर' से की थी। इसके उपरांत उन्होंने 'लाइव इंडिया टीवी' और 'देशबंधु' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दीं।
वर्ष 2017 से 'रॉयल बुलेटिन' परिवार का अभिन्न अंग रहते हुए, वे राजनीति, अपराध और उत्तर प्रदेश के सामाजिक-सांस्कृतिक मुद्दों पर प्रखरता से लिख रही हैं। गोरखपुर की मिट्टी से जुड़े होने के कारण पूर्वांचल और पूरे उत्तर प्रदेश की राजनीति पर उनकी विशेष पकड़ है।

टिप्पणियां