मुजफ्फरनगर: मीरापुर व रामराज में हुई अलविदा जुमे की नमाज, अलर्ट मोड पर रही पुलिस
खराब मौसम और बारिश के बीच नजर आया आस्था और अनुशासन का संगम

मीरापुर(मुजफ्फरनगर)। माह-ए-रमजान के अंतिम शुक्रवार यानी 'अलविदा जुमे' की नमाज क्षेत्र में पूरी अकीदत और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। शुक्रवार को सुबह से हो रही तेज बारिश के बावजूद नमाजियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर रखी गई।
मीरापुर कस्बे और ग्रामीण अंचलों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संवेदनशील स्थानों पर मोर्चा संभाला। दोपहर की नमाज के दौरान मस्जिदों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात रहा। बारिश के बीच भी पुलिसकर्मी मुस्तैदी से डटे रहे और पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मस्जिदों में नमाज के बाद मुल्क की तरक्की, अमन-चैन और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआएं मांगी गईं। वहीं लिस प्रशासन ने न केवल मुख्य मार्गों बल्कि गलियों में भी गश्त की। ड्रोन और डिजिटल माध्यमों से भी भीड़भाड़ वाले इलाकों की निगरानी की गई, जिससे पूरे दिन कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
रामराज: सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
रामराज थाना क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई। थाना प्रभारी रविंद्र सिंह यादव ने अपनी टीम के साथ क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मुख्य चौराहों का दौरा किया। उन्होंने धर्मगुरुओं और गणमान्य व्यक्तियों से संवाद कर शांति व सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि आगामी ईद-उल-फितर का त्योहार भी इसी तरह आपसी भाईचारे और अनुशासन के साथ मनाया जाए।
भाईचारे का संदेश
शाम के समय भी पुलिस बल सक्रिय रहा और बाजार क्षेत्रों में रूट मार्च निकाला। अधिकारियों ने लोगों को विश्वास दिलाया कि पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। बारिश के कारण जलभराव के बावजूद नमाजियों ने मस्जिदों के भीतर ही स्थान ग्रहण कर अनुशासन के साथ इबादत की, जिसकी पुलिस प्रशासन ने भी सराहना की।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
सक्रिय पत्रकार आफ़ताब आलम 'रॉयल बुलेटिन' के लिए मुज़फ्फरनगर के मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। क्षेत्र की खबरों पर पैनी नजर रखने वाले आफ़ताब आलम स्थानीय मुद्दों, जन-समस्याओं और व्यापारिक हलचलों को पूरी निष्पक्षता के साथ प्रमुखता से उठाते हैं। पिछले लंबे समय से वे मीरापुर और रामराज क्षेत्र की जनता की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुँचाने के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। क्षेत्र की खबरों और सूचनाओं के लिए आप उनसे मोबाइल नंबर 9319454764 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां