गाजियाबाद में प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व परशुराम मंदिर पर जीडीए का चला पीला पंजा, मूर्ति नाले में गिरने से भड़का जन आक्रोश

गाजियाबाद। जनपद के थाना क्षेत्र में भगवान परशुराम मंदिर पर गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (GDA) की ध्वस्तीकरण की कार्रवाई ने तूल पकड़ लिया है। जिस मंदिर में आज भव्य प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम सुनिश्चित था, वहां उत्सव की जगह भारी तनाव और हंगामे की स्थिति बन गई। भारी पुलिस बल के साथ पहुंची जीडीए की टीम ने मंदिर संरचना को ध्वस्त कर दिया, जिसके बाद इलाके में सांप्रदायिक और सामाजिक तनाव की स्थिति पैदा हो गई है।
घटनाक्रम के अनुसार, स्थानीय श्रद्धालु और मंदिर समिति आज प्राण प्रतिष्ठा समारोह की तैयारियों में जुटे थे। इसी बीच जीडीए के दस्ते ने बिना किसी पूर्व सूचना के कार्रवाई शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों का गंभीर आरोप है कि ध्वस्तीकरण के दौरान मर्यादा का ध्यान नहीं रखा गया, जिससे भगवान परशुराम की मूर्ति पास के नाले में जा गिरी। इस दृश्य को देख मौके पर मौजूद श्रद्धालु आपे से बाहर हो गए और उन्होंने टीम का कड़ा विरोध किया।
श्रद्धालुओं में भारी रोष और धार्मिक भावनाएं आहत घटनास्थल पर मौजूद महिलाओं और बुजुर्गों ने अधिकारियों के सामने हाथ जोड़कर कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक न सुनी। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह न केवल एक निर्माण का विध्वंस है, बल्कि उनकी गहरी आस्था पर प्रहार है। लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि जानबूझकर प्राण प्रतिष्ठा के दिन ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया ताकि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई जा सके।
इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात मंदिर तोड़े जाने की खबर जैसे ही आसपास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता और स्थानीय लोग लेबर चौक और मंदिर परिसर के पास जुटना शुरू हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और अतिरिक्त पीएसी (PAC) की तैनाती कर दी गई है।
फिलहाल, स्थानीय लोग और श्रद्धालु इस पूरी कार्रवाई की निष्पक्ष जांच, दोषी अधिकारियों के निलंबन और मंदिर के पुनर्निर्माण की मांग पर अड़े हुए हैं। मंदिर समिति ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो वे बड़े आंदोलन के लिए विवश होंगे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां