'पवन सिंह ने गलत तरीके से कमर छुआ':बदनामी से सीता का रोल छिना; हरियाणवी एक्ट्रेस ने महिला आयोग का खटखटाया दरवाजा, लगाए गंभीर आरोप

चंडीगढ़। मशहूर हरियाणवी एक्ट्रेस अंजलि राघव और भोजपुरी सिंगर पवन सिंह के बीच छिड़ा विवाद अब कानूनी गलियारों तक पहुंच गया है। अंजलि राघव ने हरियाणा राज्य महिला आयोग को ई-मेल के जरिए औपचारिक शिकायत भेजकर पवन सिंह पर लाइव शो के दौरान अभद्र व्यवहार और बाद में सुनियोजित तरीके से बदनाम करने के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। एक्ट्रेस ने आयोग से गुहार लगाई है कि उनके खिलाफ सोशल मीडिया पर चल रहे आपत्तिजनक कंटेंट को तुरंत हटवाया जाए।
अंजलि राघव का आरोप है कि कुछ समय पहले लखनऊ में एक गाने के प्रमोशन के दौरान मंच पर पवन सिंह ने उनकी अनुमति के बिना उन्हें गलत तरीके से छुआ। एक्ट्रेस के अनुसार, इस घटना का वीडियो भी जानबूझकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। अंजलि ने अपनी शिकायत में कहा कि हाल ही में रैपर बादशाह के मामले में महिला आयोग की सख्त कार्रवाई को देखकर उनमें न्याय के लिए आवाज उठाने की हिम्मत आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पवन सिंह की पीआर टीम ने उन्हें लगातार धमकियां दीं और उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए फर्जी व आपत्तिजनक पोस्ट साझा किए।
विवाद का असर अंजलि के करियर पर भी पड़ता दिख रहा है। एक्ट्रेस ने भावुक होते हुए बताया कि इस विवाद और सोशल मीडिया पर फैलाई गई अफवाहों के कारण दिल्ली की प्रसिद्ध रामलीला में उनसे 'माता सीता' का किरदार छीन लिया गया। अंजलि पिछले 16 वर्षों से यह भूमिका निभाती आ रही थीं, जो उनकी दिवंगत माता की अंतिम इच्छा से भी जुड़ा था। किरदार छिनने और सामाजिक बहिष्कार के चलते वह गहरे अवसाद में चली गई थीं।
शिकायत में अंजलि ने स्पष्ट किया कि हालांकि पवन सिंह ने पहले इंस्टाग्राम पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी, लेकिन उनके खिलाफ दुष्प्रचार अभी भी जारी है। उन्होंने दिल्ली साइबर पुलिस में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन आपत्तिजनक सामग्री न हटाए जाने के कारण उन्हें महिला आयोग की शरण लेनी पड़ी। अंजलि ने मांग की है कि संबंधित इंस्टाग्राम अकाउंट्स और मीडिया प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ कार्रवाई की जाए और दोषियों से सार्वजनिक माफी दिलवाई जाए।
महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच की बात कही है। इस हाई-प्रोफाइल मामले ने एक बार फिर मनोरंजन जगत में महिलाओं की सुरक्षा और कार्यस्थल पर उनके साथ होने वाले व्यवहार पर नई बहस छेड़ दी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
रविता ढांगे 'रॉयल बुलेटिन' में ऑनलाइन न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और डिजिटल न्यूज़ डेस्क के प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने अपने पेशेवर करियर की शुरुआत 'समाचार टुडे' से की थी, जहाँ उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों और न्यूज़ ऑपरेशन्स के बुनियादी सिद्धांतों को सीखा।
रविता ढांगे की सबसे बड़ी विशेषता उनकी मजबूत तकनीकी पृष्ठभूमि है; उन्होंने BCA, PGDCA और MCA (Master of Computer Applications) जैसी उच्च डिग्रियां प्राप्त की हैं। उनकी यह तकनीकी विशेषज्ञता ही 'रॉयल बुलेटिन' को डिजिटल रूप से सशक्त बनाती है। वर्ष 2022 से संस्थान का अभिन्न हिस्सा रहते हुए, वे न केवल खबरों के संपादन में निपुण हैं, बल्कि न्यूज़ एल्गोरिदम और डेटा मैनेजमेंट के जरिए खबरों को सही दर्शकों तक पहुँचाने में भी माहिर हैं। वे पत्रकारिता और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) के बेहतरीन संगम का प्रतिनिधित्व करती हैं, जिससे पोर्टल की डिजिटल रीच और विश्वसनीयता में निरंतर वृद्धि हो रही है।

टिप्पणियां