नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लोकार्पण की सफलता के लिए विधायक ने की बैठक

नोएडा। आगामी 28 मार्च को नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण व्याप्त है। इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य एवं सफल बनाने के लिए क्षेत्र में व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को ग्राम सिरसा स्थित ऑक्सफोर्ड ग्रीन पब्लिक स्कूल में आयोजित एक बैठक में जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का लोकार्पण केवल एक परियोजना का उद्घाटन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास, रोजगार सृजन और वैश्विक पहचान का नया अध्याय है। उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट जेवर एवं आसपास के क्षेत्रों के लिए आर्थिक उन्नति का सशक्त माध्यम बनेगा। पीएम के कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है और अधिक से अधिक लोगों को इस ऐतिहासिक अवसर से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि आप इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और इसे ऐतिहासिक बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सहयोग से यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल होगा और जेवर क्षेत्र के विकास की नई उड़ान का प्रतीक बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान ग्रेटर नोएडा क्षेत्र के साथ-साथ ग्राम खानपुर, लुक्सर, नवादा, हतेवा, दौला रजपुरा, इमलियाका, अमीनाबाद उर्फ न्याना, घंघौला, सिरसा, पंचायतन, आजमपुर उर्फ गढ़ी, अस्तौली, देवटा, मंडी श्याम नगर, मंडपा, फजायलपुर, घरबरा, पतला खेड़ा आदि अनेकों ग्रामों के लोग शामिल हुए।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां