मुजफ्फरनगर: सड़क हादसे में युवक की दर्दनाक मौत, पिता ने तेरहवीं के बाद दर्ज कराया मुकदमा
परिवार की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण तत्काल दर्ज नहीं हुआ था मामला

मुजफ्फरनगर। जनपद के शहर कोतवाली के ग्राम बामनहेड़ी में एक पखवाड़े पूर्व हुई सड़क दुर्घटना के मामले में पुलिस ने अब मुकदमा दर्ज किया है। जवान बेटे की मौत के गहरे सदमे में डूबे परिवार ने तेरहवीं की रस्में पूरी होने के बाद थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बताए गए बाइक नंबर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।
घटना 6 मार्च 2026 की है। ग्राम बामनहेड़ी निवासी सतीश कुमार का पुत्र अनिल कुमार (मृतक) सुबह करीब 11:30 बजे पैदल ही दवाई लेने के लिए घर से निकला था। जैसे ही वह बामनहेड़ी पुल के पास पहुँचा, तो पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने नोट किया बाइक का नंबर
हादसे के समय मौके पर मौजूद सत्यवीर सिंह और उदय सिंह ने घायल अनिल को तुरंत जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा बाइक का नंबर UP12AC1772 नोट किया गया था। पुलिस ने उस समय शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था, लेकिन परिवार की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण तत्काल रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
अब शुरू हुई कानूनी कार्रवाई
मृतक के पिता सतीश कुमार ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि इकलौते जवान बेटे की अचानक मौत से पूरा परिवार टूट गया था। घर में मातम और तेरहवीं की तैयारियों के चलते वे पुलिस को लिखित सूचना नहीं दे पाए थे।
वाहन नंबर के आधार कार्रवाई
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बबलू सिंह वर्मा ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वाहन नंबर के जरिए मालिक और चालक की तलाश की जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां