नोएडा में क्राइम ब्रांच व सीबीआई जांच में डिजिटल अरेस्ट कर ठगी करने वाले दो साइबर ठग गिरफ्तार

नोएडा। अश्लील वीडियो भेजे जाने की क्राइम ब्रांच व सीबीआई जांच के नाम पर एक शख्स को डिजिटल अरेस्ट कर लाखों रुपयों की ठगी करने वाले एक गिरोह के दो साइबर ठगों को साइबर क्राइम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त साइबर अपराधियों को भाड़े पर बैंक खाते भी उपलब्ध कराते हैं। अभियुक्तों के बैंक खातों में साइबर ठगी से संबंधित 10.95 लाख रुपये प्राप्त किए गए हैं।
डीसीपी साइबर शैव्या गोयल ने बताया कि एक पीड़ित द्वारा थाना साइबर क्राइम पर तहरीर देकर सूचना दी गई कि 13 मार्च 2026 को अज्ञात अभियुक्तों द्वारा खुद को ट्राई (TRAI) का अधिकारी बताकर, वादी की मोबाइल फोन नंबर से अश्लील वीडियो भेजे जाने की जांच मुम्बई क्राइम ब्रांच व सीबीआई द्वारा किये जाने का भय दिखाकर जांच के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर धोखाधड़ी की गयी। उन्होंने बताया कि वादी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत करते हुए घटना के शीघ्र अनावरण के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि थाना साइबर क्राइम पुलिस द्वारा संकलित सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुए उक्त मुकदमा से संबंधित 2 अभियुक्त रिषभ तिवारी पुत्र राकेश तिवारी तथा कुंवर शुक्ला पुत्र रामगोपाल शुक्ला को थाना सेक्टर-63 क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। दोनों से घटना में प्रयुक्त 2 मोबाइल फोन बरामद किये गये हैं।
ये भी पढ़ें दिल्ली: एक्यूआई पहुंचा ‘खराब’ श्रेणी में, मौसम से सुधार के संकेत, ग्रैप लागू नहीं करने का फैसला
डीसीपी ने बताया कि अभियुक्तगण शातिर किस्म के अपराधी है, जो साइबर ठगी करने वाले अभियुक्तों को अपने बैंक अकाउंट उपलब्ध कराते थे। अभियुक्तों के बैंक खातों में साइबर ठगी से संबंधित 10.95 लाख रुपये प्राप्त किए गए हैं। अभियुक्तों के संयुक्त बैंक खाते के विरुद्ध देश के भिन्न-भिन्न राज्यों से 6 शिकायतें (उत्तर प्रदेश-1, महाराष्ट्र-1, तमिलनाडू-1, दिल्ली-1, बिहार-1 व जम्मू कश्मीर-1) दर्ज है जिनमें अब तक धोखाधड़ी से संबंधित करीब 4.17 करोड़ रुपए की धनराशि प्राप्त की गयी है। उन्होंने बताया कि पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की तलाश में जुटी है।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां