मुजफ्फरनगर में बदमाशों का कार सवार पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला, दोनों घायल अस्पताल में भर्ती
पुलिस को देख बाइक और गाड़ी छोड़ भागे हमलावर, तलाश जारी

मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत शामली मार्ग स्थित काली नदी के समीप कश्यप चौक पर बीती रात बदमाशों ने जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने कार से गुजर रहे पिता-पुत्र को रोककर उन पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। गनीमत रही कि मौके पर पुलिस की गश्ती टीम पहुँच गई, जिसे देख बदमाश अपने वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेंद्र कश्यप और उनके पुत्र अनुराग कश्यप देर रात अपनी कार से कहीं जा रहे थे। जैसे ही वे कश्यप चौक के पास पहुँचे, पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि वे कुछ समझ पाते, हमलावरों ने लाठी-डंडों से उन पर ताबड़तोड़ प्रहार शुरू कर दिए। हमले के दौरान मची चीख-पुकार से इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस की सक्रियता से टला बड़ा हादसा
संयोगवश उसी समय कोतवाली नगर पुलिस की एक टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। शोर सुनकर पुलिस टीम घटनास्थल की ओर दौड़ी। पुलिस की जीप और लाइट देख हमलावरों के हौसले पस्त हो गए। खुद को घिरता देख बदमाश अपनी मोटरसाइकिल और एक अन्य वाहन को मौके पर ही लावारिस छोड़कर भाग निकले।
अस्पताल में भर्ती, आरोपियों की तलाश तेज
पुलिस ने तत्काल घायलों को संभाला और उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ दोनों की स्थिति पर चिकित्सक नजर रख रहे हैं। पुलिस ने बदमाशों द्वारा छोड़े गए वाहनों को कब्जे में ले लिया है। पुलिस का कहना है कि वाहनों के नंबर के आधार पर आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:
आपको यह खबर कैसी लगी? अपनी राय नीचे कमेंट बॉक्स में ज़रूर दे। आपकी राय रॉयल बुलेटिन को और बेहतर बनाने में बहुत उपयोगी होगी।
संबंधित खबरें
लेखक के बारे में
मुज़फ्फरनगर के वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप त्यागी पिछले दो दशकों (20 वर्ष) से रॉयल बुलेटिन परिवार के एक अटूट और विश्वसनीय स्तंभ हैं। दो दशकों के अपने इस लंबे सफर में आपने मुज़फ्फरनगर की हर छोटी-बड़ी राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक हलचल को बेहद करीब से देखा और अपनी लेखनी से जनता की आवाज़ बुलंद की है। वर्तमान में 'रॉयल बुलेटिन' में जिला प्रभारी की ज़िम्मेदारी निभा रहे श्री त्यागी अपनी ज़मीनी रिपोर्टिंग के लिए पूरे जिले में पहचाने जाते हैं। जिले की खबरों, जन-समस्याओं और संवाद हेतु आप उनसे मोबाइल नंबर 9027803022 पर संपर्क कर सकते हैं।

टिप्पणियां