नोएडा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़क सुरक्षा के उद्देश्य से कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा एक अभिनव तकनीकी पहल विजन सेफ रोड-दुर्घटना न्यूनीकरण के लिए एक अतिरिक्त मील (Vision Safe Road- An Extra Mile For Accident Mitigation) की शुरूआत की गई है। इस पहल के अंतर्गत कमिश्नरेट क्षेत्र के विभिन्न मार्गों एवं हिस्सों पर विभिन्न श्रेणी के वाहनों (भारी, मध्यम, हल्के, दोपहिया आदि) के लिए निर्धारित अधिकतम गति सीमा को गूगल मैप पर लाइव प्रदर्शित करने का शुभारंभ किया।
गूगल मैप नोएडा में गाड़ी चलाने वालों को रास्ते के साथ-साथ सड़कों की गति सीमा भी बताएगा। सड़क सुरक्षा को बेहतर करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने यह तकनीकी पहल की है। इस प्रणाली के लागू होने से वाहन चालक को नेविगेशन करते समय अपने गूगल मैप पर वाहन की वास्तविक गति तथा मार्ग की अधिकतम निर्धारित गति सीमा एक साथ दिखाई देगी। इससे चालक को यह सहज रूप से ज्ञात हो सकेगा कि वह निर्धारित गति सीमा के भीतर वाहन चला रहा है अथवा निर्धारित गति सीमा से तेज वाहन चला रहा है। यह चेतावनी वाहन चालक को अपने वाहन की गति नियमित करने के लिए स्वतः प्रेरित करेगी।
नोएडा के सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं का सबसे प्रमुख कारण तेज गति से वाहन चलाना है। यह वाहन चालक के साथ-साथ दूसरों की सुरक्षा के लिए भी घातक है। हर सड़क पर गति सीमा इसलिए तय की गई है ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने कहा कि वाहन चालकों की जागरूकता के लिए इस नवीनतम तकनीकी पहल की शुरूआत की गई है, जिसकी सहायता से वाहन चालक अपनी निर्धारित गति से चल सकेंगे। यदि सभी लोग वाहन चलाते समय नियमों का पालन करेंगे, तो खुद भी सुरक्षित रहेंगे और दूसरों को भी सुरक्षित रखेंगे।
गूगल इंडिया की भारत में हेड रोली अग्रवाल ने कहा कि गुगल मैप का उद्देश्य सदैव उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित, सटीक और सहज यात्रा अनुभव प्रदान करना रहा है। गौतमबुद्धनगर पुलिस के साथ इस साझेदारी के माध्यम से हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि चालक सड़क की निर्धारित गति सीमा से अवगत रहें और नियमों का पालन करते हुए अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। यह पहल भारत में स्मार्ट और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण वर्चुअल माध्यम से जुड़े। उन्होंने कहा कि पुलिस कमिश्ररेट गौतमबुद्धनगर का यह अभिनव प्रयास सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में एक महत्वपुर्ण कदम साबित होगा। इस सिटीजन सेन्ट्रीक पहल से सड़क पर होने वाले दुर्घटनओं मे निश्चित रुप से कमी आएगी। डीजीपी ने अपने उद्बोधन में पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह एवं उनकी टीम के द्वारा इस अभिनव तकनीकी पहल की सराहना की गयी तथा गूगल मेप इंडिया एवं लेप्टन सॉफ्टवेयर की टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह द्वारा विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था राजीव नारायण मिश्र द्वारा कार्यक्रम में सम्मिलित सभी विशिष्ट अतिथियों का आभार प्रकट किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल द्वारा किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रवीण कुमार सिंह, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात मनीषा सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात राजीव कुमार गुप्ता, राकेश प्रताप सिंह, शकील अहमद के अलावा सीईओ लेप्टन सॉफ्टवेयर राजीव सर्राफ, गुगल मैप नोबल प्रीत सिंह, तुषार गोयल सहित अन्य उपस्थित रहें।