मुंबई में बम धमाकों की धमकी देने वाला अश्विनी नोएडा से गिरफ्तार

नोएडा। मुंबई में अनंत चतुर्दशी के दिन 400 किलो आरडीएक्स से जगह-जगह बम धमाका करने की धमकी देने वाले अश्विनी नाम के एक व्यक्ति को नोएडा पुलिस और मुंबई पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी को मुंबई पुलिस तुरंत महाराष्ट्र के लिए रवाना कर दिया गया है।
पुलिस के मीडिया प्रभारी ने बताया कि आरोपी का नाम अश्विनी कुमार सुप्रा है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पिछले पांच सालों से नोएडा में रह रहा था। वह खुद को ज्योतिषी बताता था, लेकिन उसकी धमकी भरी हरकतों ने उसके इस दावे को गलत साबित कर दिया।
अश्विनी ने धमकी में कहा था कि शहर में कई गाड़ियों में 400 किलो आरडीएक्स से लैस बम रखे गए हैं, जो पूरे मुंबई को हिला देंगे और करीब एक करोड़ लोग इन धमाकों से प्रभावित होंगे। उसने खुद को पाकिस्तान की जिहादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा का सदस्य बताते हुए दावा किया कि 14 आतंकी शहर में घुस चुके हैं और 34 गाड़ियों में 34 ह्यूमन बम लगाए गए हैं।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि मुंबई पुलिस को बुधवार दोपहर दो बजे धमकी भरे संदेश प्राप्त हुए थे, जिनमें मुंबई पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा का भी इस्तेमाल किया गया था। आरोपी नोएडा के सेक्टर-79 सिविटेक स्टेडिया सोसायटी का निवासी है। चूंकि मामला अत्यंत संवेदनशील था, इसलिए मुंबई पुलिस ने उसे तुरंत पकड़कर मुंबई भेज दिया। वहां उसकी गहन पूछताछ की जाएगी और आगे की कार्रवाई की जाएगी।