नोएडा में यमुना का कहर: 15 हज़ार फ़ार्महाउस डूबे, 35 हज़ार लोग पलायन पर मजबूर

नोएडा। नोएडा में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और इसने लोगों की मुसीबतों को कई गुना बढ़ा दिया है। हालात इतने गंभीर हैं कि निचले इलाकों के कई गाँव पूरी तरह से पानी में डूब चुके हैं।
खबर है कि करीब 15 हज़ार से अधिक फ़ार्महाउस यमुना के पानी में डूब गए हैं और हालात बेहाल हैं। वहीं लगभग 35 हज़ार लोग अपने घर छोड़कर ऊँचे इलाकों की ओर शरण लेने को मजबूर हो गए हैं।
बाढ़ का सबसे ज्यादा असर गरीब परिवारों पर पड़ा है। कई लोग अभी सड़कों के किनारे बने अस्थायी पंडालों में रह रहे हैं। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खाने-पीने से लेकर सुरक्षित जगहों पर रहने तक की चुनौती इन परिवारों के सामने है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अब हालात और बिगड़ सकते हैं क्योंकि सोमवार तक तेज़ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगर बारिश का यही सिलसिला जारी रहा तो यमुना का जलस्तर और ऊपर जा सकता है।
जनता से अपील की जा रही है कि वो प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और बाढ़ प्रभावित इलाकों से बाहर आएं। प्रशासन और राहत एजेंसियाँ लगातार हालात पर नज़र बनाए हुए हैं, लेकिन फिलहाल राहत की उम्मीद दूर नज़र आ रही है।