नोएडा। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां राधा स्काई गार्डेन सोसाइटी में एक पार्टी के दौरान युवती ने दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की पिस्टल से खुद को गोली मार ली। युवती को फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने कांस्टेबल आशीष पवार पुत्र खिलेंद्र सिंह पवार निवासी राजनगर एक्सटेंशन गाजियाबाद को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना बिसरख पर एक निजी अस्पताल का मेमो मिला आया, जिसके अनुसार गौर सुंदरम सोसाइटी में रहने वाली एक युवती को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बिसरख पुलिस मौके पर पहुंच कर जानकारी की तो पता चला एक व्यक्ति के द्वारा महिला को अस्पताल में उपचार हेतु भर्ती कराया था, वह उसे भर्ती कराकर वहाँ से चला गया। डॉक्टर ने गन शॉट इंजरी बतायी। पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को हिरासत में लिया तो पता चला कि वह दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल आशीष है। घटना में इस्तेमाल हुई पिस्टल बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार युवती प्रिया अपनी सहेली के साथ राधा स्काई गार्डेन सोसाइटी में एक पार्टी करने गई थी। वहां दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल और उसका एक दोस्त भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पार्टी के दौरान कांस्टेबल के मोबाइल पर उसकी तलाकशुदा पत्नी का फोन आया, जिसे लेकर युवती और कांस्टेबल के बीच तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ा कि युवती ने पास रखी कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल उठाकर खुद को गोली मार ली। पुलिस अब इस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। क्या यह वास्तव में आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और बड़ी साजिश?
वहीं जांच में पुलिस को पता चला है कि आशीष पहले से शादीशुदा है। उसकी दोस्ती प्रिया के साथ हुई, तथा उसने पहली पत्नी को तलाक दिए बिना प्रिया से शादी कर ली। वह गाजियाबाद में रहता है। जबकि प्रिया गौर सौंदर्यम सोसायटी में किराए के मकान में रहती है। आज दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आशीष ने पुलिस को बताया कि महिला ने विवाद की बाद खुद को गोली मार ली। उन्होंने बताया कि पुलिस इससे यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने खुद को गोली मारी या आशीष ने उसे गोली मारी है। उन्होंने बताया कि महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टिप्पणियां