नोएडा। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में सीएम युवा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त उद्योग द्वारा योजना की अब तक की प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि योजना के माध्यम से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। साथ ही बैंकों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के प्रगति को और तेज करने की आवश्यकता पर चर्चा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने कुछ बैंकों की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर सभी बैंक अधिकारियों को योजना के लक्ष्यों के अनुरूप कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली इस महत्वपूर्ण योजना के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना आवश्यक है। अतः सभी बैंक अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शीघ्र प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे पात्र युवाओं को समयबद्ध रूप से योजना का लाभ मिल सके। बैठक में उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण, जिला लीड बैंक प्रबंधक राजेश सिंह कटारिया, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, इंडियन बैंक तथा यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
टिप्पणियां