नोएडा। नोएडा के थाना सेक्टर -126 में एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि उसका बेटा एमिटी यूनिवर्सिटी में एमबीए का छात्र है। पीड़ित के अनुसार इस यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले चार छात्रों ने उसकी बेटे के साथ जमकर मारपीट की। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। पीड़ित की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
थाना सेक्टर-126 के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि हरीश शर्मा पुत्र सरदार सिंह ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि मेरा बेटा शौम्य शर्मा एमिटी यूनिवर्सिटी से एमबीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है। पीड़ित के अनुसार एमिटी यूनिवर्सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में वह भाग लेने के लिए गया था। वहां मौजूद कुछ लड़कों से उसकी किसी बात को लेकर बहस हो गई। पीड़ित के अनुसार बेटे के दोस्त आर्यन मोगा के कहने पर शौम्य उन लड़कों से बातचीत करने गया तो उन लड़कों ने उसके ऊपर घातक हमला कर दिया, तथा मारपीट करके गंभीर रूप से घायल कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि इस मामले में छात्र के पिता की शिकायत पर प्रीत मान, विशांक खत्री, प्रियांशु मान तथा तरुण वशिष्ट के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
टिप्पणियां