नोएडा प्राधिकरण के सीईओ का सख्त रुख, एजी एन्वायरो पर 5 लाख की पेनल्टी, 3 सुपरवाइजरों की सेवा समाप्त
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) कृष्णा करुणेश ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर अनुरक्षण, सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ को कई जगहों पर अनियमितताएं देखने को मिली।
निरीक्षण के दौरान सीईओ को ई-9 सेक्टर-8 के समीप मलबे का ढेर पड़ा हुआ मिला। जिसके संबंध में उक्त सेक्टर में सफाई के लिए तैनात सफाईकर्मी राहुल, सोनी तथा हेल्थ सुपरवाईजर श्रीप्रकाश मिश्रा की सेवा समाप्त करने एवं अवर अभियन्ता हरेन्द्र मलिक का 10 दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। सेक्टर-57 में सी-4 तथा सी-60-63 के समीप कूड़ा व मलबा मिलने पर उक्त क्षेत्र में सफाई के लिए तैनात सुपरवाईजर आजाद की सेवा समाप्त करने के निर्देश सीईओ द्वारा दिये गये।
वहीं सेक्टर-63 में नाले में अत्यधिक मात्रा में कूड़ा पाया गया, जिसके कारण नाला जाम पड़ा हुआ है। जिसके दृष्टिगत उक्त क्षेत्र में सफाई हेतु तैनात सफाईकर्मी धर्मवीर एवं सुपरवाईजर आकाश की सेवा समाप्त करने, प्रबन्धक को चेतावनी जारी करने एवं संविदाकार को ब्लैकलिस्ट केने के लिए नोटिस निर्गत करने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान सीईओ को कई सेक्टरों के निवासियों ने जानकारी दी कि नोएडा में डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन की कार्यवाही समुचित नहीं हो रही है।
इस संबंध में सीईओ ने डोर-टू-डोर गार्बेज कलेक्शन का कार्य देख रही एजेन्सी एजी एन्वायरो इन्फ्रा प्रोजेक्ट पर 5 लाख रुपए की पेनल्टी लगाये जाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सीईओ ने समस्त वर्क सर्किलों को निर्देश दिये गये कि प्रतिदिन सभी स्थानों से कूड़ा उठाने की कार्यवाही सुबह 10 बजे तक प्रत्येक दशा में सुनिश्चित की जाए। वहीं शहर के विभिन्न सड़कों पर निराश्रित घूमती गायों को अभियान चलाकर गौशाला में शिफ्ट किये जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के महाप्रबन्धक (सिविल) एसपी सिंह एवं विभिन्न वर्क सर्किलों के वरिष्ठ प्रबन्धक उपस्थित रहे।
रॉयल बुलेटिन से जुड़ें:
देश-प्रदेश की ताज़ा ख़बरों को सबसे पहले पढ़ने के लिए हमारे सोशल मीडिया हैंडल को फॉलो करें:

टिप्पणियां